अब अपराधियों की हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड! रामगढ़ पुलिस ने लॉन्च किया डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम

Ramgarh Police Digital Monitoring Portal

रामगढ़: जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और मामलों के त्वरित खुलासे के लिए रामगढ़ पुलिस ने तकनीक आधारित नई व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 36 सदस्यीय “Crime Prevention & Detection Wing” का गठन किया गया है। इसके साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए Digital Criminal Monitoring Portal भी विकसित किया गया है।

अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइलिंग होगी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नए डिजिटल पोर्टल के जरिए आरोप-पत्रित अपराधियों की पूरी डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जाएगी। इसमें उनके आपराधिक इतिहास, वर्तमान स्थिति, सत्यापन रिपोर्ट और अपराध करने के तरीके (Modus Operandi) जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज रहेंगी। इससे भविष्य में अपराधियों की पहचान और मामलों के त्वरित उद्भेदन में पुलिस को काफी मदद मिलेगी।

1971 अपराधियों का तैयार किया गया डाटाबेस
रामगढ़ पुलिस ने 1 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 के बीच हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, लूट, डकैती, रंगदारी, चोरी, वाहन चोरी और अन्य गंभीर मामलों में आरोप-पत्रित 1971 अपराधियों का विस्तृत डाटाबेस तैयार किया है। इन सभी की जानकारी डिजिटल पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उसका उपयोग किया जा सके।

36 सदस्यीय विशेष विंग करेगा निगरानी
अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए गठित Crime Prevention & Detection Wing में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा नोडल अधिकारी शामिल किए गए हैं। यह विशेष विंग सीधे पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्य करेगा और इसकी नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

Telegram channel

डुअल वेरिफिकेशन से होगी निगरानी और मजबूत
रामगढ़ पुलिस ने आरोप-पत्रित अपराधियों के डुअल फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी शुरू की है। यदि कोई अपराधी किसी दूसरे थाना क्षेत्र में रह रहा है तो संबंधित दोनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से उसका सत्यापन करेगी। इसके बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट तैयार कर पोर्टल पर अपडेट की जाएगी।

resizone elanza

जमानत पर छूटे अपराधी भी रहेंगे पुलिस की निगरानी में
नई डिजिटल व्यवस्था के तहत जमानत पर रिहा हुए अपराधियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ डोजियर तैयार करने, निगरानी प्रस्ताव भेजने, सीसीए (Crime Control Act) के तहत कार्रवाई करने और जमानत रद्द कराने जैसी कानूनी प्रक्रियाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

आम लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि किसी अपराध या अपराधी से जुड़ी कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

तकनीक के सहारे अपराध पर सख्ती
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और मजबूत निगरानी व्यवस्था के जरिए जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम से अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी, जिससे अपराध की घटनाओं को रोकने और मामलों के त्वरित खुलासे में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *