रजौली में SIR के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन, PM मोदी, अमित शाह और CEC का पुतला फूंका

Rajauli SIR Protest

रजौली: बिहार के नवादा जिले के रजौली में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) के विरोध में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रखंड मुख्यालय के समीप आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला बजरंगबली चौक पर दहन किया गया। इस दौरान महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की।

मतदाता सूची से नाम हटने की जताई आशंका
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा माले नेता एवं दक्षिणी जिला पार्षद मेवालाल राजवंशी और राजद प्रखंड अध्यक्ष अनुप कुमार ने की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि SIR प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में आम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटने की आशंका है। उनका कहना था कि इसका असर गरीब, मजदूर, ग्रामीण और लंबे समय से मतदान करते आ रहे लोगों पर पड़ सकता है। महागठबंधन नेताओं ने मांग की कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए।

WhatsApp Image 2026 10 07 at 14.16.37

SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
राजद नेताओं ने कहा कि मतदाताओं को पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए और सूची में नाम को लेकर आने वाली आपत्तियों का निष्पक्ष तरीके से निपटारा होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता, योग्य मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और आपत्तियों के समाधान की मांग उठाई। महागठबंधन की ओर से कहा गया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया। नेताओं ने कहा कि संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर वे आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।

Adiwasi Mahotsav

पुतला दहन के बाद हुआ स्वागत
पुतला दहन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रजौली इंटर विद्यालय के पूर्व प्राचार्य बालकृष्ण प्रसाद यादव ने मेवालाल राजवंशी को अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में मुखिया संजय यादव, राजद के नंद किशोर यादव, कंचन यादव और अशोक यादव, भाकपा माले के नरेंद्र सिंह और शिव कुमार यादव समेत महागठबंधन के दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। रजौली में हुए इस प्रदर्शन के जरिए महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी राजनीतिक आपत्ति दर्ज कराई और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को प्रमुखता से उठाया।

Read more: रजौली में SIR के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन, PM मोदी, अमित शाह और CEC का पुतला फूंका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *