...
Tulsyan

विश्व बाल दिवस पर CM हेमंत सोरेन से मिले UNICEF के 10 बाल पत्रकार, बाल अधिकारों पर हुआ सार्थक संवाद

विश्व बाल दिवस पर CM हेमंत सोरेन के साथ UNICEF के बाल पत्रकार

बाल पत्रकारों ने बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा, माहवारी स्वच्छता और जलवायु परिवर्तन पर साझा किए अनुभव

CM बोले- बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी

रांची: विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से UNICEF के 10 बाल पत्रकारों ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कुरीतियों और अपने सपनों एवं भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के साथ खुलकर संवाद किया। बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए जा रहे जागरूकता अभियानों तथा सामाजिक बदलाव के प्रयासों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि वे बाल विवाह और बाल श्रम जैसी समस्याओं की रोकथाम के साथ-साथ स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी काम कर रहे हैं। इसके अलावा बच्चों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी अपने अनुभव साझा किए।

बच्चों की आवाज को गंभीरता से सुनना जरूरी: CM हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों के सवालों को गंभीरता से सुना और सहजता एवं आत्मीयता के साथ उनके जवाब दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा प्रभावित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बच्चे अपने अधिकारों की बात आत्मविश्वास के साथ रखते हैं, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाते हैं, तो उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की कोशिश है कि हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए समान अवसर मिले।

स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के मुद्दे की समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

DAV NANDRAJ

जिलास्तर पर बन रहे पुस्तकालय, स्कूलों में माहवारी जागरूकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जिलास्तर पर पुस्तकालयों के निर्माण का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा को बच्चों के विकास के लिए बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति को सही और गलत के बीच अंतर समझने में सक्षम बनाती है। बाल विवाह के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कानूनी अपराध होने के साथ-साथ बच्चों के भविष्य पर भी गंभीर असर डालता है। उन्होंने बच्चों की शादी निर्धारित उम्र में ही किए जाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

maa-ram-pyari

बाल पत्रकारों के आत्मविश्वास ने CM को किया प्रभावित
मुख्यमंत्री ने UNICEF के अधिकारियों और बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इन बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास देखकर उन्हें गर्व होता है। उन्होंने कहा कि आज जिस स्पष्टता के साथ बच्चे अपने अधिकारों और समस्याओं की बात रख रहे हैं, उससे भविष्य में उनके अच्छे नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए समाज और सरकार को मिलकर काम करना होगा। हर बच्चे की आवाज सुनी जानी चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चा महत्वपूर्ण है और उसके विचार तथा सपने भी महत्वपूर्ण हैं।

Jaipur

बच्चों के अनुभव से सरकार को मिलती है जमीनी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दे केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके दैनिक जीवन की वास्तविक चुनौतियों को भी सामने लाते हैं। बच्चों से सीधे संवाद के जरिए यह समझने में मदद मिलती है कि सरकार की योजनाएं और पहल बच्चों तक किस हद तक पहुंच रही हैं और उनकी जरूरतों को पूरा कर पा रही हैं। उन्होंने UNICEF के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के मुद्दों को सामने लाने और समाज को उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

resizone-elanza
rlifecare

UNICEF बोला- बच्चों को निर्णयों में भागीदार बनाना जरूरी
इस अवसर पर UNICEF झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल योजनाओं और नीतियों का लाभार्थी मानना पर्याप्त नहीं है। उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भी बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की आवाज में बड़ी ताकत है और UNICEF का बाल पत्रकार कार्यक्रम इसका उदाहरण है। बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व का मंच उपलब्ध कराने से व्यापक सामाजिक बदलाव संभव है। UNICEF झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा हैं। ऐसे में बच्चों को प्राथमिकता देना और उनके भविष्य में निवेश करना बेहद जरूरी है।

WhatsApp Image 2026 11 20 at 15.31.24

10 बाल पत्रकारों ने लिया संवाद में हिस्सा
कार्यक्रम में UNICEF के 10 बाल पत्रकार शामिल हुए। इनमें सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी शामिल थीं। कार्यक्रम में UNICEF और एनबीजेके के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। विश्व बाल दिवस 20 नवंबर को मनाया जाता है। UNICEF के अनुसार यह दिन बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर वैश्विक स्तर पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर है।

Read more: विश्व बाल दिवस पर CM हेमंत सोरेन से मिले UNICEF के 10 बाल पत्रकार, बाल अधिकारों पर हुआ सार्थक संवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Seraphinite AcceleratorOptimized by Seraphinite Accelerator
Turns on site high speed to be attractive for people and search engines.