Tulsyan

रांची में जमीन विवाद बना गोलीकांड की वजह, तीन को लगी गोली

Gun Firing

पिस्का मोड़ तेलमिल गली में ताबड़तोड़ फायरिंग, कई थानों की पुलिस मौके पर

Ranchi : राजधानी रांची में शनिवार देर रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पिस्का मोड़ स्थित तेलमिल गली में दो गुटों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला
घटना रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ तेलमिल गली की है। शनिवार रात करीब 9:45 बजे जमीन कारोबारी विकास सिंह, उसके भाई आकाश सिंह उर्फ मोगली और दूसरे गुट के एक युवक रवि को गोली मारी गई। गोलीबारी की यह वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, जिसमें हत्या की नीयत से कई राउंड फायरिंग की गई।

तीन को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
घायल विकास सिंह को छाती और हाथ में कुल तीन गोलियां लगी हैं, जबकि उसके भाई आकाश सिंह को हाथ में गोली लगी है। तीसरा घायल युवक रवि भी गोली लगने से जख्मी हुआ है। सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

DAV NANDRAJ

बातचीत के बहाने बुलाया, फिर शुरू हुई फायरिंग
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधी संजय पांडेय ने जमीन कारोबारी विकास सिंह और उसके भाई को बातचीत के बहाने तेलमिल गली बुलाया था। जब दोनों भाई मौके पर पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद संजय पांडेय और उसके गुर्गों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि विकास सिंह पर 5 से 6 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें तीन गोलियां उसे लगीं।

maa-ram-pyari

55 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुकुरहुटू इलाके में करीब चार एकड़ जमीन को लेकर विकास सिंह और संजय पांडेय के बीच लंबे समय से साझेदारी चल रही थी। इसी लेनदेन में संजय पांडेय पर विकास सिंह के लगभग 55 लाख रुपये बकाया थे। विकास सिंह लगातार पैसे की मांग कर रहा था, जिससे दोनों के बीच विवाद गहराता जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते विकास सिंह की हत्या की साजिश रची गई।

Jaipur

कई थानों की पुलिस मौके पर, खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सुखदेवनगर थाना प्रभारी और पंडरा ओपी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी है।

resizone-elanza
rlifecare

कई हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि इस गोलीकांड में संलिप्त कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी संजय पांडेय और उसके फरार साथियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे केवल जमीन विवाद है या इसके पीछे कोई और आपराधिक साजिश भी जुड़ी हुई है।

इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
दिनदहाड़े गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *