ED ऑफिस मारपीट मामला: जांच के लिए रांची पुलिस की टीम पहुंची ईडी दफ्तर, CCTV खंगाले जा रहे

ED Office

Ranchi : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अब मारपीट जैसे मामलों पर भी पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करती नजर आ रही है। इसी क्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में कथित मारपीट की घटना की जांच के लिए गुरुवार सुबह रांची पुलिस की विशेष टीम ईडी ऑफिस पहुंची। यह मामला एयरपोर्ट थाना में ईडी के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर से जुड़ा हुआ है।

ईडी कार्यालय में पुलिस की गहन जांच
ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के नाम पर मारपीट करने के आरोपों के बाद रांची पुलिस हरकत में आ गई है। एयरपोर्ट थाना पुलिस की एक टीम गुरुवार को ईडी दफ्तर पहुंची, जहां पूरे मामले की जांच शुरू की गई। मिली जानकारी के अनुसार, ईडी कार्यालय में एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद हैं। सदर डीएसपी, एयरपोर्ट थाना प्रभारी और कई इंस्पेक्टर ईडी ऑफिस के अंदर जांच प्रक्रिया में शामिल हैं।

CCTV फुटेज जब्त, अधिकारियों से पूछताछ
पुलिस टीम ने ईडी कार्यालय के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और उन्हें जब्त किया। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस दस्तावेजों, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल व भौतिक साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

एयरपोर्ट थाना में दर्ज हुई FIR
इस मामले में रांची के अपर चुटिया निवासी संतोष कुमार ने एयरपोर्ट थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि 12 जनवरी को ईडी कार्यालय में दो अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान उनके साथ मारपीट की। एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 05/2026 के तहत यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2), 127(2), 109(2), 351(2), 352, 238 और 3(5) के तहत दर्ज किया गया है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता संतोष कुमार (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय मिथिलेश प्रसाद, निवासी जग्गी कम्पाउंड, साईं मंदिर कॉलोनी, अपर चुटिया, रांची ने बताया कि 12 जनवरी को उन्हें ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

resizone elanza

उनका आरोप है कि दोपहर करीब 1:35 बजे एक अधिकारी ने उन्हें अपने कक्ष में बुलाया, जहां पहले से एक अन्य अधिकारी मौजूद थे। पूछताछ के दौरान उन पर जबरन आरोप स्वीकार करने का दबाव डाला गया। इंकार करने पर दोनों अधिकारियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और डंडे से पीटा।

अस्पताल में भी धमकी देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, मारपीट से संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोनों अधिकारी उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले गए, जहां डॉक्टरों को भी धमकी दी गई कि चोट लगने की बात न लिखें।

आरोप है कि अधिकारियों ने पीड़ित के परिजनों को सूचना दिए बिना शाम 4 बजे तक अस्पताल में रखा और फिर वापस ईडी कार्यालय ले जाकर खून से सनी टी-शर्ट बदलवा दी, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

जांच के बाद हो सकती है बड़ी कार्रवाई
रांची पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *