लखनपुर हत्याकांड से खुला हथियार तस्करी का जाल, तीन तस्कर गिरफ्तार
पाकुड़: लखनपुर में हुए 55 वर्षीय मकबूल शेख हत्याकांड की जांच में जुटी पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े तीन तस्करों — सदाकश शेख, रफिकुल शेख (दोनों शहबाजपुर, पाकुड़) और अमन कुमार (नयाटोला, अमरपुर, बिहार) — को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार तस्करों के पास से एक 7 एमएम पिस्टल (मैगजीन सहित), एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ ने किया खुलासा
एसडीपीओ दयानंद आजाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि
31 अक्टूबर की रात लखनपुर गांव में मकबूल शेख की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित किया गया था।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपित ललन शेख और दनारूल शेख को गिरफ्तार किया। रिमांड पर हुई पूछताछ में ललन शेख ने हथियार तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद तीनों तस्करों को पकड़ा गया।
पश्चिम बंगाल से जुड़े तार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार रफिकुल शेख वर्ष 2019 में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना क्षेत्र में हथियार तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। पाकुड़ पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह नेटवर्क पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के किन जिलों तक फैला हुआ है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पाकुड़ (मुफस्सिल) थाना कांड संख्या-246/2025 और महेशपुर थाना कांड संख्या-167/2025 के तहत
आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)A/26/35 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव कुमार, रवि शर्मा, अजय उपाध्याय, अंशु उपाध्याय, अरविंद मंडल, तकनीकी प्रभारी संजीव झा, तथा पाकुड़ (मुफस्सिल) और महेशपुर थाना की सशस्त्र पुलिस टीमों की अहम भूमिका रही।
पुलिस का सख्त संदेश एसडीपीओ दयानंद आजाद ने कहा —
“जिले में किसी भी प्रकार के अपराध या हथियार तस्करी के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस हर नेटवर्क को तोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने आगे कहा कि इस गिरोह से पूछताछ के बाद राज्य से बाहर के तस्करी नेटवर्क की भी परतें खुलने की संभावना है।
लखनपुर हत्याकांड की जांच अब अंतरराज्यीय हथियार सप्लाई चेन तक जा पहुंची है। पाकुड़ पुलिस की यह कार्रवाई न केवल हत्या के रहस्य से पर्दा उठाती है, बल्कि राज्य में सक्रिय अवैध हथियार कारोबार पर भी कड़ी चोट करती है। जिले के लोग पुलिस की सतर्कता की सराहना कर रहे हैंऔर उम्मीद जता रहे हैं कि इस कार्रवाई के बाद हथियार तस्करों की रीढ़ टूटेगी।








