ऑपरेशन उपलब्ध के तहत RPF रांची की बड़ी कार्रवाई, दो टिकट दलाल गिरफ्तार
एक दिन, दो जगह, दो दलाल
Ranchi : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत टिकट दलालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में तत्काल काउंटर टिकट की कालाबाजारी का मामला सामने आया, जबकि दूसरी कार्रवाई में ऑनलाइन ई-टिकट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ।
दोनों मामलों में रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पीआरएस काउंटर के पास पकड़ा गया तत्काल टिकट दलाल
गुप्त सूचना के आधार पर एसआई सोहन लाल के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट रांची एवं सीआईबी रांची की संयुक्त टीम ने पीआरएस बुकिंग काउंटर, रांची में छापेमारी की। रेलवे कार पार्किंग गेट के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनोज कुमार महतो (36 वर्ष), निवासी संखाकुरी, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो बताया।
अतिरिक्त राशि वसूलने की बात कबूली
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ट्रेन संख्या 20839 (रांची–नई दिल्ली) की दो यात्रियों की तत्काल काउंटर टिकट बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के बदले अतिरिक्त राशि वसूलकर अवैध लाभ अर्जित करता था। मौके से एक तत्काल टिकट और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
ऑनलाइन ई-टिकट के अवैध धंधे का खुलासा
इसी दिन दूसरी बड़ी कार्रवाई में RPF पोस्ट रांची एवं CIB रांची की टीम ने लोअर बाजार थाना की सहायता से पुरुलिया रोड, पत्थलकुदवा स्थित “नेट वर्ल्ड” नामक दुकान पर छापेमारी की।दुकान में मौजूद युवक ने अपना नाम विनोद टुडू (28 वर्ष), निवासी इछापिरी, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ बताया। वर्तमान पता डांगराटोली, रांची है।
IRCTC एजेंट आईडी नहीं, निजी यूजर आईडी से बुकिंग
जांच के दौरान आरोपी कोई वैध IRCTC एजेंट आईडी प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि वह अपने व्यक्तिगत यूजर आईडी से रेलवे ई-टिकट जनरेट कर यात्रियों को निर्धारित किराये से अधिक राशि लेकर बेचता था।उसके कंप्यूटर सिस्टम से 11 पुराने व उपयोग किए गए ई-टिकट बरामद किए गए, जिनका कुल मूल्य 29,553 रुपये है। साथ ही एक मोबाइल फोन, मॉनिटर और सीपीयू भी जब्त किया गया।
रेलवे अधिनियम के तहत केस दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध RPF पोस्ट रांची में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई सोहन लाल को सौंपी गई है। दोनों आरोपियों को रेलवे न्यायालय, रांची के समक्ष पेश किया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल कुमार, एसआई सोहन लाल, एएसआई शक्ति सिंह, डीके सिंह, एसपी राय, एम अंसारी, जेके नयन और CIB रांची के निरीक्षक लाल बहादुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








