घाटशिला में जेएलकेएम कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

Tarapad Mahato

सीएससी के अंदर घुसकर मारी गई गोली

East Singhbhum : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कार्यकर्ता तारापद महतो (41 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

यह घटना खड़िया कॉलोनी गांव के पास एनएच-18 किनारे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की सीएससी में शाम करीब 8 बजे हुई। तारापद महतो, उल्दा पंचायत की उपमुखिया आशा रानी महतो के पति थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकर संक्रांति को लेकर सीएससी में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा अंदर घुसा और सामने से तारापद महतो पर गोली चला दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने पंचनामा करने से रोका
घटना की सूचना मिलते ही पुतडू गांव से परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हत्या से आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव का पंचनामा करने से रोक दिया। परिजनों का साफ कहना था कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया जाएगा। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

munadi live whattsapp banne.jpg

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, छापेमारी जारी
वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

resizone elanza

Telegram channel

चुनावी रंजिश के एंगल से भी जांच
सूत्रों के अनुसार, तारापद महतो हाल ही में विधानसभा उपचुनाव के दौरान जेएलकेएम में शामिल हुए थे। चुनाव के बाद एक स्थानीय नेता से उनका विवाद भी सामने आया था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

डीएसपी का बयान
डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन हो रही है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही हत्यारों की पहचान कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *