दावोस में हेमंत सोरेन–टाटा स्टील बैठक, झारखंड में 11,000 करोड़ का ग्रीन स्टील निवेश
Ranchi : World Economic Forum 2026 के दौरान दावोस में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने Tata Steel के शीर्ष नेतृत्व के साथ एक अहम उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील तकनीक के तहत कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस संबंध में आशय पत्र (LoI) और सहयोग समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए।
इन परियोजनाओं में होगा 11,000 करोड़ का निवेश
प्रस्तावित निवेश के तहत टाटा स्टील द्वारा झारखंड में तीन प्रमुख ग्रीन स्टील परियोजनाएं विकसित की जाएंगी—
- हिरसाना ईजी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी : ₹7,000 करोड़
- कॉम्बी मिल परियोजना : ₹1,500 करोड़
- टिनप्लेट विस्तार परियोजना : ₹2,600 करोड़
ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत औद्योगिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।
रोजगार सृजन और हरित औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह निवेश न केवल राज्य की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि ग्रीन एनर्जी और जलवायु-अनुकूल विकास से जुड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी मजबूती प्रदान करेगा।
हिताची ने भी निवेश में दिखाई रुचि
दावोस में हुई बैठकों के दौरान Hitachi ने भी झारखंड में विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और उन्नत अवसंरचना के क्षेत्र में निवेश को लेकर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस पर राज्य सरकार और कंपनी के बीच आगे विस्तृत चर्चा पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री को मिला व्हाइट बैज सम्मान
WEF 2026 के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से WEF को औपचारिक सहयोग पत्र सौंपा गया, जिसमें—
- क्रिटिकल मिनरल्स
- नई ऊर्जा
- जलवायु परिवर्तन
- जैव विविधता संरक्षण
जैसे विषयों पर सहयोग की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की गई। राज्य सरकार का विजन 2050, WEF की समावेशी समाज की अवधारणा के अनुरूप बताया गया।
अर्बन ट्रांसपोर्ट में स्वीडन की दिलचस्पी
इस बीच स्वीडन ने झारखंड में अर्बन ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। भारत और स्वीडन के बीच अप्रैल माह में संभावित सहयोग को लेकर एक राउंड टेबल बैठक आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की मुलाकात World Women Leaders Forum के प्रतिनिधियों से भी हुई, जिसमें महिला राजनीतिक नेतृत्व को सशक्त बनाने और झारखंड के साथ सहयोगात्मक ढांचे के निर्माण पर चर्चा की गई।






