YONO ऐप के नाम पर ठगी का मास्टरप्लान फेल, जामताड़ा पुलिस ने दबोचे 4 आरोपी

SBI YONO

जामताड़ा : जामताड़ा से एक बार फिर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां अपराधी खुद को SBI YONO अधिकारी बताकर लोगों को निशाना बना रहे थे। हैरानी की बात यह रही कि साइबर अपराधियों ने जामताड़ा एसपी के मोबाइल पर भी YONO APK फाइल भेजकर ठगी का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया।

एसपी के मोबाइल पर भेजी गई फर्जी APK
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी ग्राहकों को फोन कर खुद को SBI YONO अधिकारी बताते थे और APK फाइल भेजकर बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश करते थे। जब एसपी राजकुमार मेहता के मोबाइल पर भी संदिग्ध YONO APK फाइल भेजी गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ और साइबर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

गुप्त सूचना पर छापेमारी, 4 आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डिमवाडीह गांव में बासझुड़ के पास पुलिस ने छापेमारी की। यहां से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इब्राहिम अंसारी, हुसैन अंसारी, शाकिर अंसारी और सिराज अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 7 फर्जी मोबाइल फोन और 8 फर्जी सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

Adiwasi Mahotsav

लाखों की ठगी का शक, जांच जारी
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि आरोपी गिरिडीह जिले के आलापुर के रहने वाले हैं और जामताड़ा में सक्रिय साइबर गिरोह के साथ मिलकर लोगों को ठग रहे थे। शुरुआती जांच में लाखों रुपये की साइबर ठगी की आशंका जताई जा रही है। जब्त मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया गया।

happy Teacher Day

लोगों से सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली APK फाइल या लिंक डाउनलोड न करें और बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। जामताड़ा पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *