सयाल जमुरिया बाजार में सीसीएल कर्मी को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल

Ramgarh Crime

रामगढ़ से मुकेश सिंह : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सयाल जमुरिया बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार अज्ञात अपराधी ने सीसीएल कर्मी बिहारी राम पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल बिहारी राम रोज की तरह जमुरिया बाजार स्थित बीओआई बैंक के पास बने चबूतरे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने अचानक पिस्टल निकाली और सीधे बिहारी राम पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं कमर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

अफरा-तफरी का माहौल
गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने साहस जुटाकर घायल को तत्काल ए.के.सी. अस्पताल भुरकुंडा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें सीसीएल अस्पताल गांधी नगर, रांची रेफर कर दिया।

WhatsApp Image 2026 02 15 at 08.42.18

दहशत में स्थानीय लोग
घटना के बाद जमुरिया बाजार और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

resizone elanza

अनौपचारिक रूप से क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि घायल के पुत्र शिवराज कुमार का नाम कथित रूप से अमन साहू और राहुल दुबे गिरोह से जोड़ा जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े बाजार क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने स्थानीय कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग आशंका जता रहे हैं कि यदि अपराधियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में असुरक्षा की भावना और बढ़ सकती है। फिलहाल पुलिस हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले की तहकीकात जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *