भुरकुंडा में ट्रांसजेंडरों को स्वावलंबी बनाने की पहल, ब्यूटिशियन ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन
रामगढ़: जिला प्रशासन रामगढ़ की पहल पर सुंदरनगर भुरकुंडा में ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ब्यूटिशियन ट्रेनिंग केंद्र की शुरुआत की गई। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में डीएमडब्ल्यू इंदु प्रभा खलखो और पतरातू बीडीओ मनोज गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।
यह प्रशिक्षण केंद्र बैंक ऑफ इंडिया हजारीबाग और जिला प्रशासन रामगढ़ के सहयोग से रूरल सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (RSETI) के तहत संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
सरकारी योजनाओं से जुड़ रहे ट्रांसजेंडर
कार्यक्रम के दौरान डीएमडब्ल्यू इंदु प्रभा खलखो ने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से अब जिले में रहने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड, वोटर कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य सरकारी सुविधाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ट्रांसजेंडर खुद आत्मनिर्भर बनेंगे और दूसरों को भी ट्रेनिंग देकर रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।
एलडीएम दिलीप महली ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर 15 दिनों का ब्यूटिशियन ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे और अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ने का काम करेंगे।
रोजगार की दिशा में मील का पत्थर
बीडीओ मनोज गुप्ता ने कहा कि यह ब्यूटिशियन कोर्स ट्रेंड ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए रोजगार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में आरसीटी डायरेक्टर तारकेश्वर कुमार, बैंक ऑफ इंडिया आंचलिक कार्यालय हजारीबाग के मुख्य प्रबंधक देवनारायण उरांव, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इस पहल को सामाजिक समावेशन और कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की नई राह खुलेगी।







