रांची में हाई वोल्टेज ड्रामा: वकील मनोज टंडन हिरासत में, डोरंडा थाना में हंगामा

Road Rage Case

रांची: राजधानी रांची में एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा मामला मंगलवार को उस वक्त हाई प्रोफाइल विवाद में बदल गया, जब रांची हाई कोर्ट के अधिवक्ता मनोज टंडन को पुलिस ने हिरासत में लिया। उनकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और समर्थक डोरंडा थाना पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया। दूसरी ओर, पीड़ित युवक के परिजन भी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान डोरंडा थाना परिसर में घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

बोनट पर युवक को घसीटने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अधिवक्ता मनोज टंडन की महंगी कार और युवक की बाइक के बीच टक्कर हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और युवक ने विरोध जताया। आरोप है कि इसी दौरान वकील ने युवक को अपनी कार के बोनट पर लटकाए हुए काफी दूर तक गाड़ी दौड़ा दी। वायरल वीडियो में युवक को मदद के लिए चिल्लाते और गाड़ी रोकने की गुहार लगाते देखा जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और पुलिस हरकत में आई।

मुआवजा मांगने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित की मां ने मीडिया को बताया कि उनका बेटा नवाज खान, जो एक निजी कंपनी TCS में काम करता है, अपने भाई को बोर्ड परीक्षा केंद्र छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान कथित रूप से अधिवक्ता की कार से उसकी बाइक टकरा गई। परिवार का आरोप है कि बाइक को हुए नुकसान के लिए मुआवजा मांगने पर विवाद बढ़ गया।

munadi live whattsapp banne.jpg

पीड़ित की मां का कहना है, “मेरे बेटे ने कार का बोनट पकड़ लिया था, जिसके बाद मनोज टंडन ने उसे काफी दूर तक घसीटा। बाद में उसे अपने फ्लैट पर ले जाकर कुछ लोगों ने मारपीट भी की।” उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है।

resizone elanza

Telegram channel

अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, थाना परिसर में तनाव
मनोज टंडन को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही कई अधिवक्ता और उनके समर्थक डोरंडा थाना पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और बिना पूरी जांच के किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

थाना परिसर में एक ओर अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी था, तो दूसरी ओर पीड़ित पक्ष भी न्याय की मांग को लेकर डटा रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया।

पुलिस का बयान – शिकायत का इंतजार
पूरे मामले पर डीएसपी पीके मिश्रा ने कहा कि पुलिस लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

फिलहाल डोरंडा थाना क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह मामला राजधानी में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में जांच की दिशा और पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *