रमजान को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, स्पेशल ब्रांच ने जिलों को जारी किए सुरक्षा निर्देश

Police Advisory

रांची: पवित्र रमजान महीने को लेकर झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने राज्य के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। जारी पत्र में रमजान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि इस दौरान प्रमुख मस्जिदों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी जरूरी है।

रमजान और ईद को लेकर जारी हुई एडवाइजरी
स्पेशल ब्रांच के पत्र में उल्लेख किया गया है कि चांद दिखने के आधार पर रमजान का महीना 19 फरवरी से शुरू होने की संभावना है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय द्वारा सामूहिक इफ्तार और तरावीह की नमाज अदा की जाती है, जिससे मस्जिदों और बाजारों में भीड़ बढ़ने की आशंका रहती है। इसके अलावा एक महीने के रोजे के बाद 21 मार्च के आसपास ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना जताई गई है, हालांकि तिथि चांद के अनुसार बदल सकती है।

पुलिस ने खासतौर पर अंतिम जुम्मा यानी 20 मार्च को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है, क्योंकि इस दिन बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और खुले मैदानों में सामूहिक नमाज अदा करते हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

Adiwasi Mahotsav

संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश
जारी निर्देशों में कहा गया है कि पूर्व से विवादग्रस्त मस्जिदों, ईदगाहों और इमामबाड़ों पर विशेष निगरानी रखी जाए। त्योहार के दौरान भीड़भाड़ और खुशी के माहौल में असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक गतिविधियों की संभावना को देखते हुए पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है।

happy Teacher Day

पुलिस ने आशंका जताई है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या टिप्पणियों से सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है, इसलिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस ने दिए ये अहम निर्देश
स्पेशल ब्रांच ने जिलों को कई प्रमुख बिंदुओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है—

  • मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस व यातायात बल की तैनाती
  • सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई
  • अवैध शराब और प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर रोक
  • मुस्लिम बहुल इलाकों के बाजार-हाट में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था
  • थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक और समुदाय के प्रतिनिधियों से समन्वय

भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रमजान और ईद भाईचारे व शांति के पर्व हैं, इसलिए प्रशासन की कोशिश है कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। इसके लिए जिला स्तर से लेकर थाना स्तर तक समुदाय के प्रतिनिधियों और संगठनों के साथ समन्वय बैठकों पर जोर दिया जा रहा है।

राज्य पुलिस का मानना है कि समय रहते सुरक्षा तैयारियां पूरी कर लेने से किसी भी संभावित तनाव या अफवाह को रोका जा सकता है और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *