रांची के धुर्वा डैम में छात्रा ने लगाई छलांग, निमिषा झा की मौत से सनसनी
रांची: राजधानी रांची के धुर्वा डैम से गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई, जहां एक युवती ने पानी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान निमिषा झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लालपुर स्थित बीआईटी मेसरा एक्सटेंशन सेंटर से बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब दो बजे युवती को डैम के पास अकेले देखा गया था। स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने अचानक पानी में छलांग लगा दी। घटना को देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवती का शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग भी धुर्वा डैम पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि युवती ने यह कदम किन कारणों से उठाया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले वह किस हालत में वहां पहुंची थी।
निमिषा झा की मौत के बाद शैक्षणिक और स्थानीय स्तर पर भी शोक का माहौल है। एक युवा छात्रा का इस तरह अचानक चले जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।




