पतरातू में फिर फायरिंग, दूध फैक्ट्री गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां
बाइक सवार बदमाशों ने मचाई सनसनी, इलाके में दहशत का माहौल
रामगढ़: पतरातू थाना क्षेत्र में एक बार फिर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। आज सुबह ओसम दूध फैक्ट्री गेट के पास बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर सनसनी फैला दी।
हेलमेट और नकाब में पहुंचे आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक हेलमेट और नकाब पहने हुए फैक्ट्री गेट के पास पहुंचे। अचानक उन्होंने हवा में कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी, जिससे आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर तक गोलीबारी करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
कोई हताहत नहीं, लेकिन दहशत कायम
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
एक हफ्ते में दूसरी वारदात
गौरतलब है कि इससे पहले 27 मार्च को पतरातू रेलवे फाटक के पास भी फायरिंग की घटना हुई थी। उस दौरान ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली लग गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि इलाज के बाद उसकी जान बच गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक सप्ताह के भीतर हुई इन दो घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण भय का माहौल बना हुआ है और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।







