धनबाद में कोयला तस्करों का हमला, स्पेशल ब्रांच के SI और पत्नी से मारपीट, इलाके में हड़कंप

Jharia News

केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग पर घटना, रास्ता मांगने पर भड़के कोयला चोर, दोनों को गंभीर चोटें

धनबाद: धनबाद में कोयला तस्करों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग पर स्पेशल ब्रांच के सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार और उनकी पत्नी काजल कुमारी के साथ सरेआम मारपीट की गई। इस घटना में दोनों घायल हो गए हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से झरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर खड़ी हाइवा गाड़ियों से कोयला उतार रहे लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दंपति ने केवल रास्ता देने को कहा था, लेकिन इसी बात पर विवाद बढ़ गया।

देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और कोयला तस्करों ने सब-इंस्पेक्टर पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी काजल कुमारी को भी नहीं छोड़ा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के समय अनुज कुमार सिविल ड्रेस में थे, जिससे हमलावरों को उनकी पहचान नहीं हो पाई।

Adiwasi Mahotsav

हमले में अनुज कुमार को पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी के पैर और शरीर पर चोट के निशान हैं। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह दोनों को हमलावरों के चंगुल से बचाया गया।

happy Teacher Day

घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अनूप कुमार महतो समेत कई पुलिस अधिकारी और केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार हो चुके थे।

resizone elanza

Telegram channel

घटना के बाद काजल कुमारी ने बताया कि वे उसी इलाके में रहते हैं और वहां के लोग उन्हें पहचानते भी हैं। उन्होंने कहा कि “हमने सिर्फ रास्ता मांगा था, लेकिन कोयला चोर अचानक आक्रोशित हो गए और मारपीट शुरू कर दी। जब हमने वीडियो बनाने की कोशिश की, तो मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया।”

इस मामले में केंदुआडीह थाना के एएसआई राजू मुंडा ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। केवल इंज्यूरी रिपोर्ट थाना में जमा कराई गई है। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर धनबाद में सक्रिय कोयला तस्करों के बढ़ते हौसले और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े पुलिस अधिकारी पर हमला होना इस बात का संकेत है कि अवैध कोयला कारोबार किस हद तक बेलगाम हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *