वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में मिलेगा सम्मान, स्वास्थ्य विभाग का बनाया जाएगा ब्रांड एंबेसडर

Vaibhav Suryavanshi Jharkhand

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान, बोले- वैभव आधुनिक क्रिकेट के AI

रांची: भारतीय क्रिकेट जगत के उभरते सितारे और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से देशभर में चर्चा बटोर रहे युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ऐलान किया है कि वैभव सूर्यवंशी को राज्य के स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने फोन पर बातचीत में कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में जिस आत्मविश्वास, प्रतिभा और साहस का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि वैभव ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी आधुनिक क्रिकेट के AI हैं। उनका खेल, तकनीक और मैदान पर प्रदर्शन यह दिखाता है कि वे आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बनने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं हो सकी, लेकिन वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से पूरे देश को गौरवान्वित किया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि झारखंड सरकार जल्द ही एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करेगी। इस अवसर पर उन्हें स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैभव के साथ मिलकर राज्य के युवाओं के बीच फिटनेस, अनुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाएगा। वैभव जैसे युवा खिलाड़ी बच्चों और किशोरों के लिए आदर्श हैं। उनके जरिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का काम ज्यादा प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। डॉ. अंसारी ने कहा कि स्वयं क्रिकेट खिलाड़ी रहने के कारण वह जानते हैं कि इतनी कम उम्र में बड़े मंच पर प्रदर्शन करना कितना कठिन होता है। वैभव ने जिस निर्भीकता से बड़े-बड़े गेंदबाजों का सामना किया और लगातार आक्रामक बल्लेबाजी की, वह असाधारण है।

happy Teacher Day

उन्होंने कहा कि वैभव ने केवल अपना नाम नहीं कमाया, बल्कि अपने परिवार, बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर प्रतिभा को सही दिशा और मेहनत मिले तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में धुआंधार बल्लेबाजी की।

resizone elanza

Telegram channel

उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी जड़े।हालांकि राजस्थान रॉयल्स क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से हारकर बाहर हो गई, लेकिन वैभव की बल्लेबाजी पूरे टूर्नामेंट में चर्चा का केंद्र बनी रही। क्रिकेट विशेषज्ञों ने उनके प्रदर्शन को भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक बताया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से काफी प्रभावित किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि वैभव आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। झारखंड सरकार का यह फैसला न सिर्फ वैभव के लिए सम्मान की बात है, बल्कि यह राज्य के युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति प्रेरित करने की दिशा में भी बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *