भाजपा झारखंड की नई टीम घोषित, प्रतुल शाहदेव बने मुख्य प्रदेश प्रवक्ता
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश इकाई ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम की नई सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से जारी इस सूची में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नई घोषणा के अनुसार प्रतुल शाहदेव को भाजपा का मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। संगठन की ओर से उन्हें पार्टी की नीतियों और विचारों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन नेताओं को बनाया गया प्रदेश प्रवक्ता
भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची में कई अनुभवी और सक्रिय नेताओं को शामिल किया है। इनमें प्रदीप सिन्हा, अजय साह, रामाकांत महतो, अमय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, रणधीर सिंह, दीनदयाल वर्णवाल, दिनेश विलियम मरांडी, आरती कुजूर, रफिया नाज, अशोक बड़ाइक, के.के. गुप्ता, मृत्युंजय शर्मा, प्रकाश सिंह और शोभा यादव को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
योगेंद्र प्रताप सिंह बने मीडिया प्रभारी
प्रदेश मीडिया विभाग में योगेंद्र प्रताप सिंह को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अजय राय, सतीश सिन्हा, मो. तारिक इमरान, नीरज सिंह और सूरज नाथ शाहदेव को प्रदेश मीडिया टीम में शामिल किया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मीडिया विभाग संगठन की गतिविधियों, नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नई टीम का गठन किया गया है।
सोशल मीडिया पर भी रहेगा फोकस
भाजपा ने पारंपरिक मीडिया के साथ-साथ डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने की रणनीति के तहत यह बदलाव किया है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नई टीम संगठन की विचारधारा और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी चुनावी गतिविधियों और संगठन विस्तार को देखते हुए भाजपा की यह नई टीम पार्टी के प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान में अहम भूमिका निभाएगी।



