...

गोमिया में रिश्तों का कत्ल: शराब के नशे में बेटे ने टांगी से की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Gomia murder case

बोकारो: जिले के गोमिया प्रखंड से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया पंचायत के कारीपानी गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 63 वर्षीय जयलाल करमाली के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका 30 वर्षीय पुत्र अर्जुन करमाली है।

पत्नी से विवाद के बाद पिता से हुई कहासुनी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन करमाली शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। मारपीट के बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई। इस बात का विरोध उसके पिता जयलाल करमाली ने किया, जिसके बाद पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अर्जुन करमाली ने घर में रखी टांगी उठा ली और अपने पिता पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल जयलाल करमाली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

WhatsApp Image 2026 06 27 at 16.44.57

पुलिस ने आरोपी पुत्र को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही जगेश्वर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अर्जुन करमाली को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद और शराब का नशा सामने आया है। मामले में आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

गांव में पसरा मातम
घटना के बाद कारीपानी गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की लत ने एक परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नशाखोरी पर रोक लगाने की मांग भी उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *