12 साल में 29 करोड़ का ट्रेजरी घोटाला! CID ने किंगपिन समेत 6 आरोपियों पर दायर की चार्जशीट

Hazaribagh Treasury Scam

रांची/हजारीबाग: झारखंड के बहुचर्चित हजारीबाग ट्रेजरी घोटाला मामले में सीआईडी (CID) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किंगपिन आरक्षी शंभु कुमार समेत छह आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में शंभु कुमार, उसकी पत्नी काजल कुमारी, आरक्षी रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, उसकी पत्नी खुशबू कुमारी, रिश्तेदार सौरभ कुमार और आरक्षी धीरेंद्र सिंह को आरोपी बनाया गया है।

फर्जी टेंपरेरी आईडी बनाकर निकाले गए करोड़ों रुपये
सीआईडी की जांच के अनुसार वर्ष 2014 से 2026 के बीच पुलिसकर्मियों के वेतन भुगतान के नाम पर फर्जी टेंपरेरी आईडी तैयार कर सरकारी खजाने से अवैध निकासी की गई। जांच में अब तक खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने 24 अलग-अलग बैंक खातों में करीब 29 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। सीआईडी अब यह भी जांच कर रही है कि जिन खातों में यह राशि भेजी गई, उनके खाताधारकों को इसकी जानकारी थी या नहीं।

1.60 करोड़ रुपये किए गए फ्रीज
जांच एजेंसी ने अब तक कार्रवाई करते हुए 1.60 करोड़ रुपये फ्रीज करा दिए हैं। शुरुआती जांच में वर्ष 2026 में हजारीबाग के लोहसिंघना थाना में दर्ज प्राथमिकी में केवल दो बैंक खातों में 15.41 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई थी। बाद की जांच में घोटाले का दायरा और बड़ा निकला।

Adiwasi Mahotsav

एसपी कार्यालय की लेखा शाखा से संचालित हो रहा था खेल
सीआईडी की चार्जशीट के मुताबिक पूरे घोटाले में हजारीबाग एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में तैनात तीन आरक्षी—शंभु कुमार, रजनीश सिंह और धीरेंद्र सिंह—सीधे तौर पर शामिल थे। इन पर फर्जी वेतन भुगतान की प्रक्रिया तैयार कर सरकारी राशि निकालने का आरोप है।

happy Teacher Day

अवैध कमाई से खरीदी जमीन, मकान और जेवरात
जांच में यह भी सामने आया है कि घोटाले से अर्जित रकम का इस्तेमाल आरोपियों ने जमीन और मकानों की खरीद, जेवरात खरीदने तथा ऐशो-आराम की जिंदगी जीने में किया। जिन लोगों के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उन्हें कथित तौर पर कमीशन भी दिया जाता था।

resizone elanza

Telegram channel

जांच अभी भी जारी
सीआईडी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और लोगों की भूमिका सामने आने पर अतिरिक्त कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *