...

BIT मेसरा का बड़ा कमाल! LinkedIn ने दो छात्रों को दिए करोड़ों के पैकेज

BIT Mesra Placement 2026

रांची: झारखंड के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान BIT मेसरा के दो विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में शानदार सफलता हासिल कर संस्थान और पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र कुशाग्र सहाय का चयन 1.40 करोड़ रुपये के वार्षिक पैकेज पर और अंकित कुमार का चयन 1.09 करोड़ रुपये के सालाना पैकेज पर LinkedIn में हुआ है। दोनों को Software Development Engineer (SDE) के पद पर नियुक्त किया गया है। कुशाग्र सहाय रांची के निवासी हैं, जबकि अंकित कुमार पलामू (डाल्टनगंज) से ताल्लुक रखते हैं। दोनों की इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक, फैकल्टी सदस्यों और सहपाठियों ने उन्हें बधाई दी है।

मजबूत तैयारी और सीनियर्स के मार्गदर्शन से मिली सफलता
कुशाग्र सहाय ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश के साथ ही उन्होंने अपने सीनियर्स से लगातार संपर्क बनाए रखा और प्लेसमेंट की तैयारी को लेकर उनके अनुभवों से काफी कुछ सीखा। उन्होंने कॉलेज के कोडिंग क्लब से जुड़कर कई तकनीकी प्रोजेक्ट्स पर काम किया और कंप्यूटर साइंस के मूल विषयों पर मजबूत पकड़ बनाई। कुशाग्र ने बताया कि उनके द्वारा विकसित कई प्रोजेक्ट्स आज भी विभिन्न स्तरों पर उपयोग किए जा रहे हैं, जिसका फायदा उन्हें इंटरव्यू के दौरान मिला। उनके अनुसार, मजबूत फंडामेंटल, नियमित अभ्यास और नई तकनीकों को सीखने की इच्छा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उनके पिता मनीष सीसीएल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता स्मिता नारायण पीजीटी शिक्षिका हैं।

कोडिंग का जुनून बना करोड़ों के पैकेज की वजह
अंकित कुमार ने बताया कि उन्हें शुरू से ही कोडिंग में गहरी रुचि थी और उन्होंने इसी रुचि को अपने करियर का आधार बनाया। उन्होंने कॉम्पिटेटिव प्रोग्रामिंग में लगातार हिस्सा लिया और डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिद्म, ऑपरेटिंग सिस्टम, DBMS सहित कई तकनीकी विषयों पर गहराई से अध्ययन किया। उन्होंने कहा कि आज कंपनियां केवल डिग्री नहीं, बल्कि उम्मीदवार की समस्या समाधान क्षमता, प्रैक्टिकल स्किल्स और तकनीकी समझ को प्राथमिकता देती हैं। कॉलेज की पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार तैयारी करना उनकी सफलता का महत्वपूर्ण कारण रहा। अंकित ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने दादा अनिरुद्ध प्रसाद और पूरे परिवार के सहयोग को दिया। उनके पिता अश्विनी कुमार पलामू एसपी कार्यालय में फैसिलिटी मैनेजर हैं, जबकि उनकी मां भावना देवी गृहिणी हैं।

BIT मेसरा के लिए गौरव का क्षण
दोनों छात्रों का करोड़ों रुपये के पैकेज पर चयन BIT मेसरा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि झारखंड के छात्र राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर की टेक कंपनियों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इस उपलब्धि से आने वाले छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और मजबूत तकनीकी तैयारी के दम पर अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में बेहतरीन अवसर हासिल किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *