भारत में राष्ट्रीय शोक: कतर के पूर्व अमीर शेख हमद के निधन पर आज आधा झुका तिरंगा, राष्ट्रपति भवन से संसद तक श्रद्धांजलि

National Mourning India

नई दिल्ली: कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर भारत सरकार ने सोमवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। राष्ट्रीय शोक के तहत राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, संविधान सदन (पुराना संसद भवन), नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक समेत देशभर के सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा। साथ ही, दिनभर सभी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम भी स्थगित रखे गए। विदेश मंत्रालय (MEA) ने रविवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा था कि दिवंगत नेता के सम्मान में पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

12 जुलाई को हुआ था निधन
कतर सरकार ने रविवार को पुष्टि की कि पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का 12 जुलाई को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। हालांकि, उनकी मृत्यु का कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। शेख हमद को कतर में “फादर अमीर” के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने 1995 से 2013 तक कतर का नेतृत्व किया और अपने कार्यकाल में देश को आर्थिक और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई।

देशभर में राष्ट्रीय शोक, आधा झुका तिरंगा
राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, संविधान सदन, कृषि भवन, रेल भवन, एयर फोर्स बिल्डिंग और सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स सहित कई प्रमुख सरकारी भवनों पर तिरंगा आधा झुका दिखाई दिया। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रीय शोक के दिन देशभर में उन सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है। साथ ही, इस दिन कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

कतर जाएंगे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
भारत सरकार की ओर से केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कतर जाकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और भारत सरकार की ओर से आधिकारिक संवेदना व्यक्त करेंगे।

munadi live whattsapp banne.jpg

पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता बताया।उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शेख हमद एक ऐसे विजनरी नेता थे, जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात करना उनके लिए सम्मान की बात थी। पीएम मोदी ने कतर के मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

resizone elanza

Telegram channel

कतर को वैश्विक ऊर्जा शक्ति बनाया
शेख हमद ने अपने 18 वर्षों के शासनकाल में कतर को दुनिया के सबसे समृद्ध देशों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कतर ने लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) क्षेत्र में बड़े निवेश किए, जिससे देश दुनिया के प्रमुख एलएनजी निर्यातकों में शामिल हो गया। उन्होंने आर्थिक सुधारों, आधुनिक बुनियादी ढांचे और वैश्विक कूटनीति के जरिए कतर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को नई ऊंचाई दी।

2013 में बेटे को सौंपी सत्ता
साल 2013 में शेख हमद ने स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल-थानी को सौंप दी थी। उस समय उन्होंने कहा था कि अब नई पीढ़ी को नए विचारों के साथ देश का नेतृत्व करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *