Gumla News: गुमला में एसीबी का बड़ा एक्शन: जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के क्लर्क और सेवानिवृत्त शिक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
गुमला: झारखंड के गुमला जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) रांची की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कार्यालय में कार्यरत एक क्लर्क और एक सेवानिवृत्त शिक्षक को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुजूर, जो समाहरणालय परिसर स्थित जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, तथा सेवानिवृत्त शिक्षक वत्स रविकांत के रूप में हुई है।
एसीबी की टीम ने की कार्रवाई
सोमवार को रांची से पहुंची एसीबी की विशेष टीम ने पूर्व नियोजित कार्रवाई के तहत दोनों आरोपियों को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कार्यालय परिसर में जुट गए।
डीएसपी ने क्या कहा?
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे एसीबी के डीएसपी ने मीडिया को बताया कि रिश्वतखोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी एसीबी मुख्यालय, रांची से आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी। उन्होंने फिलहाल जांच की गोपनीयता का हवाला देते हुए रिश्वत की राशि और शिकायत से जुड़ी अन्य जानकारी साझा करने से इनकार किया।
जांच जारी
एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रिश्वत किस कार्य के एवज में ली जा रही थी और इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद एसीबी पूरे मामले का खुलासा करेगी। गौरतलब है कि झारखंड में सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल के महीनों में विभिन्न विभागों के कई अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए जा चुके हैं।



