मतदाता ध्यान दें: 19 जुलाई तक हर हाल में जमा करें इन्यूमरेशन फॉर्म, 5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
रांची: यदि आपने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) जमा नहीं किया है, तो अब देर न करें। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 19 जुलाई 2026 तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) को हर हाल में जमा कर दें। उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म जमा करने वाले मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
96 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंच चुका है फॉर्म
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, राज्यभर में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर लगभग 96 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिया गया है। अब केवल वे मतदाता शेष हैं जो अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, किसी कारणवश फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं या जिन्हें अब तक फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने सभी ऐसे मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बना रहे।
22 जुलाई को ASDD सूची को मिलेगा अंतिम रूप
के. रवि कुमार ने बताया कि 22 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की तीसरी और अंतिम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची के सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा कर 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
फॉर्म जमा करने वालों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में होगा शामिल
निर्वाचन विभाग के अनुसार जिन मतदाताओं का इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से समय पर जमा हो जाएगा, उनका नाम प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा फॉर्म जमा होने के बाद मतदाता जानकारी का डिजिटाइजेशन, रिकॉर्ड का सत्यापन तथा एक ही परिवार के मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करने जैसी प्रक्रियाएं भी पूरी की जाएंगी।
फॉर्म नहीं मिला तो क्या करें?
यदि किसी मतदाता को अभी तक इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है, तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
घर बैठे ऐसे भरें ऑनलाइन इन्यूमरेशन फॉर्म
निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। मतदाता ECINET ऐप या Voters Service Portal के माध्यम से घर बैठे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले ECINET ऐप खोलें और “Voter Registration Forms” में जाकर “SIR 2026 Fill Enumeration Form Online” विकल्प चुनें। इसके बाद मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से लॉगिन करें।
फिर अपना EPIC (मतदाता पहचान पत्र) नंबर और राज्य का चयन करें। स्क्रीन पर उपलब्ध आंशिक रूप से भरे फॉर्म में आवश्यक जानकारी अपडेट करें, फोटो अपलोड करें और आधार आधारित OTP के जरिए ई-साइन कर फॉर्म सबमिट करें। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर पुष्टि संदेश प्राप्त होगा।
समय सीमा से पहले पूरी करें प्रक्रिया
निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे 19 जुलाई से पहले अपना इन्यूमरेशन फॉर्म अवश्य जमा करें। इससे उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सकेगा और भविष्य में मतदान के अधिकार से जुड़ी किसी भी असुविधा से बचा जा सकेगा।






