Ranchi News : रांची में दर्दनाक हादसा: बंद कमरे में कोयले के धुएं से मां और मासूम बेटे की मौत, दो किशोरियां जिंदगी की जंग लड़ रहीं
रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक किराए के मकान के बंद कमरे से 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय बेटे श्रवण कुमार का शव बरामद हुआ, जबकि उसी कमरे में मौजूद दो किशोरियां चंदा कुमारी (15) और प्राची कुमारी बेहोश मिलीं। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बंद कमरे में जल रहे कोयले के चूल्हे से निकले जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
सुबह नहीं खुला दरवाजा, तो हुआ हादसे का खुलासा
जानकारी के अनुसार, घटना का पता शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे चला। रोज की तरह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने मकान की छत का एस्बेस्टस हटाकर कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। पिंकी देवी और उनका मासूम बेटा मृत पड़े थे, जबकि दोनों किशोरियां अचेत अवस्था में थीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका पिंकी देवी का परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव का रहने वाला है। परिवार पिछले करीब ढाई वर्षों से रांची के चटकपुर शांति नगर में किराये के मकान में रह रहा था। बताया गया कि पिंकी देवी के पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद पिंकी एक कपड़ा दुकान में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। उनके ससुर पंचम साहू टोटो चलाते हैं, जबकि सास मुन्नी देवी मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाती हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बंद कमरे में जल रहे कोयले के चूल्हे से निकले धुएं के कारण ऑक्सीजन की कमी हुई, जिससे दम घुटने की यह दर्दनाक घटना हुई। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।



