रांची पहली बार करेगा 135वें डूरंड कप-2026 की मेजबानी, 26 जुलाई से मुकाबलों का आगाज़; दर्शकों के लिए फ्री टिकट

Durand Cup 2026

रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण की मेजबानी करने जा रही है। यह आयोजन राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। 26 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे। राज्य सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल निदेशक छवि रंजन ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान भारतीय सेना के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा भी उपस्थित रहे।

26 जुलाई से शुरू होगा फुटबॉल का महाकुंभ
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इस बार टूर्नामेंट के 135वें संस्करण में 24 टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले देश के पांच मेजबान शहरों में आयोजित होंगे, जिनमें पहली बार रांची को भी मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग (ISL) और आई-लीग के प्रमुख क्लबों के साथ-साथ भारतीय सशस्त्र बलों की टीमें तथा विदेशी सैन्य टीमें भी भाग लेंगी।

दर्शकों के लिए फ्री टिकट की व्यवस्था
राज्य सरकार ने फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात दी है। टूर्नामेंट के सभी मैचों के लिए निःशुल्क टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। खेल निदेशक ने बताया कि दर्शकों को मैच देखने के लिए एक भी रुपये खर्च नहीं करने होंगे।

टिकट वितरण की व्यवस्था
टिकट वितरण अवधि: 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026

  • समय: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
  • प्रति व्यक्ति अधिकतम: 4 टिकट
  • स्थान: बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम
munadi live whattsapp banne.jpg

टिकट वितरण के लिए—

  • गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 काउंटर
  • गेट नंबर 23 के पास 2 अतिरिक्त काउंटरस्थापित किए गए हैं।
resizone elanza

Telegram channel

दर्शकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
प्रशासन ने सभी दर्शकों से अपील की है कि वे मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के कारण प्रवेश द्वार पर विस्तृत जांच की जाएगी। देर से पहुंचने वाले दर्शकों को प्रवेश में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

स्टेडियम में रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम
डूरंड कप के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन ने स्टेडियम के अंदर कई वस्तुओं को प्रतिबंधित किया है। इन वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी

  • हथियार या किसी भी प्रकार की धारदार वस्तु
  • पटाखे एवं ज्वलनशील सामग्री
  • बड़े बैग
  • बाहरी खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थ
  • शराब एवं तंबाकू उत्पाद
  • ड्रोन
  • प्रोफेशनल कैमरे
  • लैपटॉप
  • बड़े पावर बैंक
  • हेलमेट
  • मेगाफोन एवं एयर हॉर्न
  • बड़े झंडे
  • लेजर पॉइंटर
  • एरोसोल स्प्रे

प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा जांच के दौरान प्रतिबंधित वस्तु मिलने पर संबंधित व्यक्ति को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।

झारखंड के लिए ऐतिहासिक अवसर
खेल विभाग के अनुसार, रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन होना झारखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे राज्य में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों एवं क्लबों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। सरकार का मानना है कि इस आयोजन से राज्य में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की खेल अवसंरचना को नई पहचान मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *