NHAI निर्माण स्थल पर आधी रात फायरिंग, दो मजदूर घायल; पलामू में सर्च ऑपरेशन तेज
पलामू: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में NHAI सड़क निर्माण कार्यस्थल पर देर रात फायरिंग से हड़कंप मच गया। रजडेरवा स्थित निर्माण स्थल पर करीब रात 12 बजे अपराधियों ने गोलीबारी की। घटना के दौरान निर्माण स्थल पर सो रहे दो मजदूरों को गोली लगने की सूचना है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फायरिंग की घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मौके से चार खोखे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान चार खोखे बरामद किए हैं। गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पुलिस निर्माण स्थल के अलावा आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है।
पलामू एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस की ओर से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में तलाश तेज कर दी गई है। निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
फायरिंग की वजह तलाश रही पुलिस
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस निर्माण स्थल और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है। फायरिंग क्यों की गई और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के पीछे किसी आपराधिक गिरोह की भूमिका है या फिर सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा कोई विवाद कारण है। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और अपराधियों की तलाश में अभियान जारी है। दो मजदूरों के घायल होने के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल है।


