चैंबर चुनाव: टीम तुलसी पटेल ने 32 प्रत्याशियों के नाम किए घोषित
तुलसी पटेल बोले- व्यापारिक समस्याओं का समाधान और झारखंड में निवेश बढ़ाना टीम की प्राथमिकता
रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव को लेकर टीम तुलसी पटेल ने शनिवार को अपने 32 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान टीम की ओर से चैंबर सदस्यों से समर्थन की अपील की गई। इस दौरान टीम के नेतृत्वकर्ता तुलसी पटेल ने चुनाव को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखीं। तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में व्यापारियों और उद्यमियों के सामने कई तरह की समस्याएं हैं। टीम का प्रयास होगा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी तरीके से आवाज उठाई जाए। उन्होंने कहा कि केवल राज्यस्तरीय समस्याएं ही नहीं, बल्कि नगर निगम से जुड़ी व्यापारिक परेशानियों को भी दूर कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति सुधारने पर जोर
तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति चिंताजनक है और इसमें सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाने की जरूरत है। उद्योगों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सुविधाएं बढ़ाना टीम की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए भी संबंधित स्तर पर पहल करने की बात कही। उनका कहना है कि व्यापार और उद्योग के विकास के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल बेहद जरूरी है।
निवेश बढ़ाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम पर फोकस
टीम तुलसी पटेल ने झारखंड में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने की दिशा में भी काम करने का वादा किया है। तुलसी पटेल ने कहा कि इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा उद्योग नीति को सरल बनाने की दिशा में भी पहल करने की बात कही गई। उनका कहना है कि अगर व्यापार और उद्योग से जुड़ी प्रक्रियाएं आसान होंगी, तो राज्य में निवेश का माहौल बेहतर होगा और नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

पूर्व अध्यक्षों ने टीम के समर्थन में रखी बात
प्रेस वार्ता में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल में चैंबर को आगे बढ़ाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने में सक्षम हैं। पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि इस बार भी चैंबर को एक मजबूत टीम देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने टीम तुलसी पटेल के सदस्यों को चैंबर को आगे ले जाने में सक्षम बताया और कहा कि टीम को कई पूर्व अध्यक्षों का समर्थन प्राप्त है। वहीं पूर्व अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल को चैंबर सदस्यों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारियों की इच्छा है कि इस बार टीम तुलसी चैंबर का नेतृत्व करे।
टीम तुलसी पटेल के 32 प्रत्याशी
टीम तुलसी पटेल की ओर से घोषित प्रत्याशियों में तुलसी पटेल, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भरतीया, आदित्य शाह, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवीन जैन, नवजोत अलंग, प्रकाश कुमार अग्रवाल समोता, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, संजय अखौरी, तनप्रिंस सिंह कोहली, विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, नवल जीत गांधी, गौरव अग्रवाल, रौनक जैन, विनीत गाड़ोदिया, मनमोहन मोहता, उत्सव परासर, गौतम शाही और अतुल अग्रवाल शामिल हैं। चैंबर चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। टीम की ओर से व्यापारियों की समस्याओं, औद्योगिक विकास, निवेश और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता देने की बात कही गई है।





