रांची में दुर्गा पूजा का ट्रैफिक प्लान जारी, 144 जगह बैरियर; मेन रोड में छोटे वाहनों की एंट्री बंद

Ranchi Durga Puja Traffic

रांची: दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। पूजा पंडालों, बाजारों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए शहर के 144 चिह्नित स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे। रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने और शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के साथ-साथ निजी एवं छोटे वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पूजा पंडालों के आसपास सड़क पर वाहनों की भीड़ न हो, इसके लिए विभिन्न इलाकों में पार्किंग स्थल भी तय किए गए हैं।

14 से 21 अक्टूबर तक लागू रहेगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
रांची में दुर्गा पूजा को लेकर विशेष यातायात व्यवस्था 14 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस अवधि में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, मंदिरों और पूजा पंडालों की ओर जाने वाले मार्गों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।

जरूरी सामान वाले वाहनों को मिलेगी सुबह प्रवेश की अनुमति
शहर में आवश्यक सामान की आपूर्ति करने वाले वाहनों को निर्धारित समय के दौरान प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। ऐसे वाहनों के लिए सुबह 3 बजे से 8 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पूजा पंडालों के आसपास अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर जाने से बचें और निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का ही इस्तेमाल करें।

Adiwasi Mahotsav

मेन रोड में छोटे वाहनों की एंट्री पर रोक
विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत 14 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक निजी और यात्री वाहनों के परिचालन को निर्धारित मार्गों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान मेन रोड में छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा न्यू मार्केट चौक से किशोरी यादव चौक के बीच भी छोटे वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। कचहरी चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सुजाता चौक, किशोरी यादव चौक, रातू रोड और अपर बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

happy Teacher Day

144 जगहों पर लगाए जाएंगे ड्रॉप गेट और बैरियर
यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में कुल 144 स्थानों को चिह्नित किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से:

  • रेडियम चौक
  • कमिश्नर चौक
  • पुराना नगर निगम कार्यालय क्षेत्र
  • जयपाल सिंह स्टेडियम के आसपास
  • सुजाता चौक
  • शहीद चौक
  • कोतवाली थाना क्षेत्र
  • जैन मंदिर
  • मारवाड़ी महिला कॉलेज
  • रांची एक्सप्रेस गली
  • अपर बाजार
  • रातू रोड
  • पिस्का मोड़
  • न्यू मार्केट
  • किशोरगंज
  • हरमू
  • अरगोड़ा शामिल हैं।
resizone elanza

Telegram channel

इसके अलावा संकरी सड़कों, बाजारों और पूजा पंडालों की ओर जाने वाले मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार बैरियर लगाए जाएंगे।

मोरहाबादी में रावण दहन को लेकर भी विशेष इंतजाम
दुर्गा पूजा के दौरान मोरहाबादी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम को देखते हुए भी विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। हॉकी स्टेडियम गेट, आर्मी मैदान, राजेंद्र चौक, मंदिर मैदान, रांची कॉलेज मैदान, मान्या पैलेस, राम मंदिर मोरहाबादी और राजकीय अतिथिशाला के आसपास विशेष बैरियर और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी। पुलिस का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान मैदान के आसपास वाहनों का दबाव कम करना और पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना है।

पूजा पंडाल जाने वालों के लिए कहां होगी पार्किंग?
ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से पूजा पंडालों की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहन खड़ा करने के बजाय इन निर्धारित स्थानों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

डोरंडा और सुजाता चौक से मेन रोड की ओर
डोरंडा और सुजाता चौक की ओर से मेन रोड आने वाले निजी एवं दोपहिया वाहनों के लिए सैनिक मार्केट और जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

फिरायालाल चौक से बकरी बाजार
फिरायालाल चौक से बकरी बाजार की ओर जाने वाले श्रद्धालु जिला स्कूल और बाल कृष्ण स्कूल परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे।

डोरंडा से सर्जना चौक
डोरंडा से सर्जना चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए मिशन चौक के पास संत जॉन्स स्कूल के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

स्टेशन रोड से पूजा पंडाल
स्टेशन रोड से पूजा पंडाल जाने वाले श्रद्धालु रेलवे भर्ती बोर्ड से चुटिया थाना मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का इस्तेमाल कर सकेंगे।

लालपुर से कोकर
लालपुर से कोकर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए साथू मैदान और बिजली ऑफिस के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

खटालगांव से कोकर
खटालगांव से कोकर की ओर आने वाले लोगों के वाहनों के लिए राम लखन यादव कॉलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

कांके रोड से बकरी बाजार
कांके रोड से बकरी बाजार की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

हरमू बाइपास से बकरी बाजार
हरमू बाइपास से बकरी बाजार की ओर आने वाले वाहनों को बड़ा तालाब के पास नदी ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा।

पिस्का मोड़ से दुर्गा मंदिर और रातू रोड
पिस्का मोड़ से दुर्गा मंदिर और रातू रोड की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दुर्गा मंदिर से पहले जयसवाल पेट्रोल पंप के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

चरियाटांड़ रोड से बकरी बाजार
चरियाटांड़ रोड से बकरी बाजार की ओर आने वाले श्रद्धालु नगाबाबा खटाल पार्किंग स्थल और जाकिर हुसैन पार्क के पास निर्धारित जगहों पर वाहन खड़े कर सकेंगे।

हरमू बाइपास से किशोरगंज
हरमू बाइपास से किशोरगंज की ओर आने वाले वाहनों के लिए किशोरगंज के बीच सड़क किनारे निर्धारित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

हरमू चौक और चरियाटांड़ बाइपास
हरमू चौक के पास पूजा पंडाल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरमू मैदान तथा चरियाटांड़ बाइपास के पास पूजा पंडाल जाने वालों के लिए चरियाटांड़ मैदान में पार्किंग तय की गई है।

सीएमपीडीआई क्षेत्र
सीएमपीडीआई के पास पूजा पंडाल जाने वाले श्रद्धालु केंद्रीय विद्यालय के सामने अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।

पुराने विधानसभा मैदान
पुराने विधानसभा मैदान स्थित पूजा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शहीद मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

रांची रेलवे स्टेशन के पास
रांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित पूजा पंडाल में आने वाले लोगों के लिए संत जॉन स्कूल मैदान और बहुबाजार में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

सर्जना और फिरायालाल क्षेत्र
सर्जना और फिरायालाल क्षेत्र के पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालु संत जेवियर कॉलेज परिसर और कामिल बुल्के पथ स्थित निर्धारित स्थल का इस्तेमाल कर सकेंगे।

बरियातू रोड से आने वाले श्रद्धालु
बरियातू रोड से मेन रोड, जिला स्कूल और बकरी बाजार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बिरसा मुंडा संग्रहालय की पार्किंग और पुरानी जेल चौकी के पास पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

मेन रोड, जिला स्कूल और बकरी बाजार
इन इलाकों के पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालु रांची यूनिवर्सिटी के राजकीय पुस्तकालय की ओर स्थित गेट के पास, नगाबाबा खटाल के पास न्यू पार्क स्थल और अटल भंडार मार्केटिंग पार्किंग स्थल का उपयोग कर सकेंगे।

जयपाल सिंह स्टेडियम
जयपाल सिंह स्टेडियम के पास स्थित पूजा पंडाल में आने वाले लोगों के लिए कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क के किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

ट्रैफिक पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
रांची यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पूजा पंडालों के आसपास सड़क पर वाहन खड़ा न करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने श्रद्धालुओं से यह भी कहा है कि पूजा पंडाल जाने से पहले अपने रूट और पार्किंग स्थल की जानकारी जरूर ले लें। इससे जाम में फंसने से बचने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। ट्रैफिक एसपी ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिह्नित स्थानों पर बैरियर लगाने और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। पूजा के दौरान यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना, श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवाजाही उपलब्ध कराना तथा एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखना है।

Read more: रांची में दुर्गा पूजा का ट्रैफिक प्लान जारी, 144 जगह बैरियर; मेन रोड में छोटे वाहनों की एंट्री बंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *