राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज पहुंचेंगी रांची, यातायात व्यवस्था व सुरक्षा को लेकर किए गए व्यापक बदलाव
President Draupadi Murmu two-day visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Draupadi Murmu) आज अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रही हैं। वो आज राजधानी रांची में राजभवन में स्थिति मूर्ति गार्डेन का उद्घाटन करेंगी। बता दें कि राष्ट्रपित मुर्मु जब झारखंड की राज्यपाल थीं, तब उन्होंने राजभवन में मूर्ति गार्डेन का शिलान्यास किया था। अब वो इसका उद्घाटन करने आ रही हैं। मूर्ति गार्डेन में बाबा तिलका मांझी, नीलांबर-पितांबर, तेलंगा खड़िया, गया मुंडा, वीर बुधु भगत, सिद्धु-कानो, ताना भगत, अल्बर्ट एक्का आदि की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सभी प्रतिमाएं छह से आठ फीट ऊंची है। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद जी की योग मुद्रा में प्रतिमा स्थापित की गई है। बता दें कि हर साल राजभवन का गार्डेन आम लोगों के लिए फरवरी के महीने में खोला जाता है।
शुक्रवार यानी आज राष्ट्रपति नामकुम में भारतीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान की 100वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी। संस्थान 20 सितंबर को अपना 100 वर्ष पूरा कर रहा है। इस समारोह में राज्यपाल भी बतौर विशिष्ट अथिति शामिल होंगे।
सुरक्षा में छह आईपीएस अधिकारी तैनातः बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। उनकी सुरक्षा में छह आईपीएस अधिकारी सहित दो हजार जवानों की तैनाती की गई है। वहीं, एसएसपी ने सभी थानेदारों को अपने-अपने एरिया में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस दौरान राजधानी रांची में होटलों और लाज में रुकने वालों की भी जांच-पड़ताल की जाएगी।
यातायात में किए गए ये बदलाव
-20 को राजधानी में सुबह 8 बजे से दोपहर के 12.30 बजे तक इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी छोटी-बड़ी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
-सुबह नौ बजे से 12 बजे तक अरगोड़ा चौक से कडरू पुल और कडरू पुल से मेकॉन जाने वाले रूट पर सिर्फ इमरजेंसी सेवा के लिए वाहनों के परिचालन की अनुमति है।
-दुर्गासोरेन चौक से रामपुर चौक रिंग रोड तक भी अन्य वाहनों का परिचालन नहीं होगा।
-सुबह 10 बजे से दोपहर के तीन बजे तक नामकुम चौक, सदाबहार चौक, घाघरा रोड से जेप वन के कमांडेंट आवास चौक तक सिर्फ आपातकालीन सेवा के वाहनों के परिचालन की अनुमति है।
-वहीं, बुंडू की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड से दाहिने होकर टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।








