झारखंड के 3,044 युवाओं को मिला रोजगार का तोहफा! CM हेमंत ने बांटे नियुक्ति पत्र, AI से जुड़ेंगे युवा
मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में युवाओं को नियुक्ति पत्र, IIT मद्रास और TVS Foundation के साथ करार
CM बोले- सिर्फ डिग्री नहीं, बदलते दौर के हिसाब से हुनर भी जरूरी
रांची: झारखंड के युवाओं के लिए सोमवार का दिन रोजगार और कौशल विकास के लिहाज से अहम रहा। रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभिन्न नियोक्ता एवं उद्योग संस्थानों द्वारा चयनित 3,044 प्रशिक्षित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये युवा अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच कौशल प्रशिक्षण हासिल करने के बाद रोजगार से जुड़े हैं। समारोह का आयोजन अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से किया गया। फाउंडेशन ने गुरुकुल, ITI और नर्सिंग कॉलेजों के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण देकर प्लेसमेंट से जोड़ने का काम किया।
AI के दौर में युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने की तैयारी
समारोह के दौरान झारखंड के युवाओं को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई। प्रेझा फाउंडेशन और IIT मद्रास की पहल ‘प्रवर्तक-एआई फॉर ऑल’ के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रेझा फाउंडेशन और TVS Foundation के बीच भी MoU हुआ। इन समझौतों का उद्देश्य युवाओं के कौशल प्रशिक्षण को बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप मजबूत करना और उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा कि आज के दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है। युवाओं को बदलती तकनीक के साथ अपने कौशल को भी लगातार विकसित करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से AI के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य की नौकरियों के लिए पढ़ाई के साथ व्यावहारिक हुनर जरूरी है।
‘समय के साथ नहीं बदला तो पीछे छूट जाएंगे’
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में झारखंड के HEC का उदाहरण देते हुए कहा कि समय के साथ खुद को बदलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कभी HEC को देश की औद्योगिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला और ‘मदर फैक्ट्री’ के रूप में देखा जाता था, लेकिन समय के साथ संस्थान खुद को बदल नहीं सका। हेमंत सोरेन ने कहा कि सफलता के लिए समय की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करना पड़ता है। यही बात आज के युवाओं पर भी लागू होती है। उनके मुताबिक जिस युवा के पास कौशल और हुनर है, वह अपने परिवार के साथ-साथ समाज को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में योगदान दे सकता है।
पुरुषों के लिए भी नर्सिंग प्रशिक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार के अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय तक नर्सिंग को मुख्य रूप से महिलाओं से जोड़कर देखा जाता रहा है। अब इस धारणा को बदलने की जरूरत है। राज्य सरकार ने पुरुषों को भी स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षण देने की दिशा में कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई अस्पतालों में पुरुष स्टाफ नर्स बड़ी संख्या में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में झारखंड के युवाओं के लिए भी यह रोजगार का महत्वपूर्ण क्षेत्र बन सकता है।
टेक्सटाइल से लेकर माइनिंग तक रोजगार का मॉडल तैयार करने का निर्देश
हेमंत सोरेन ने कहा कि अब महिला और पुरुष के रोजगार के बीच पारंपरिक भेदभाव की सोच बदल रही है। टेक्सटाइल क्षेत्र, जिसे पहले मुख्य रूप से महिलाओं के रोजगार से जोड़ा जाता था, वहां भी पुरुषों के लिए अवसर बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रेझा फाउंडेशन और राज्य के अन्य प्रशिक्षण संस्थानों को ऐसा प्रशिक्षण मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे झारखंड में चल रही आर्थिक गतिविधियों में स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां खनन, बिजली उत्पादन, स्टील उद्योग, सोना और यूरेनियम खनन जैसी गतिविधियां होती हैं। ऐसे क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए तो उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार मिल सकता है।
विदेशों में भी झारखंड के युवाओं ने बनाई पहचान
समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य और देश-विदेश में काम कर रहे झारखंड के युवाओं से भी संवाद किया। उन्होंने उनके अनुभव और कामकाज की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दुबई में कार्यरत गुमला के राजधन उरांव से बातचीत की और उनके रोजगार के अनुभव जाने। इसके अलावा तमिलनाडु के चेन्नई में काम कर रहीं खूंटी के तोरपा की अलका हेंब्रम से भी संवाद किया। समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े युवक-युवतियों ने अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी नए कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के जरिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार किया जा रहा है और इन विद्यालयों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी राज्य के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार काम कर रही है।
आवासीय विद्यालयों में भोजन की व्यवस्था करेगी सरकार
हेमंत सोरेन ने बताया कि कल्याण विभाग के तहत संचालित आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था सरकार द्वारा कराने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रहने और भोजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार युवाओं को कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण देने की दिशा में काम कर रही है। चयनित 15 युवाओं की पायलट ट्रेनिंग का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। भविष्य में एयर होस्टेस प्रशिक्षण को भी इस पहल से जोड़ने की योजना है।

कौशल से रोजगार और रोजगार से आत्मनिर्भरता की राह
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। समारोह में मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, प्रेझा फाउंडेशन के निदेशक कल्याण चक्रवर्ती समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवक-युवतियां मौजूद रहे। इस कार्यक्रम से एक तरफ 3,044 युवाओं को रोजगार से जोड़ने की उपलब्धि सामने आई, वहीं दूसरी तरफ AI जैसी नई तकनीकों के साथ झारखंड के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने की दिशा भी स्पष्ट हुई।

- 11 हजार बच्चों की होड़ में चमका रांची का सितारा! ओजस पांडेय ने जीता ₹7,500 का पुरस्कार, वत्सांक राज भी सम्मानितराज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में 11 हजार प्रतिभागियों के बीच चयन, कक्षा 8 के ओजस पांडेय को मिला ₹7,500 का पुरस्कार वत्सांक राज ने भी जीता सम्मान रांची: ऊर्जा संरक्षण का संदेश रंगों और कल्पना के जरिए लोगों तक पहुंचाने वाले रांची के स्कूली छात्रों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। डीएवी…
- झारखंड के 3,044 युवाओं को मिला रोजगार का तोहफा! CM हेमंत ने बांटे नियुक्ति पत्र, AI से जुड़ेंगे युवामुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में युवाओं को नियुक्ति पत्र, IIT मद्रास और TVS Foundation के साथ करार CM बोले- सिर्फ डिग्री नहीं, बदलते दौर के हिसाब से हुनर भी जरूरी रांची: झारखंड के युवाओं के लिए सोमवार का दिन रोजगार और कौशल विकास के लिहाज से अहम रहा। रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार…
- डाटोखुर्द में गूंजी गोलियां, राहुल दुबे गैंग से पुलिस की भिड़ंत! दो शूटरों को गोली लगने की खबर, SP ने संभाला मोर्चाकटकमसांडी के डाटोखुर्द में मुठभेड़ की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस अधीक्षक सहित वरीय अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद दो अपराधियों को गोली लगने की भी खबर हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ की खबर से इलाके में हलचल तेज हो गई।…
- राम-सीता की धरती जुड़ी रेल से, नेपाल को मिला ₹15 हजार करोड़ का सहारा! मोदी-बालेन मुलाकात में 8 बड़े करारPM मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात में रिश्तों को नई दिशा देने वाले कई बड़े फैसले बाढ़ पुनर्निर्माण से लेकर ऊर्जा, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष और रेल कनेक्टिविटी तक सहयोग का विस्तार नई दिल्ली: भारत और नेपाल के रिश्तों में सोमवार को एक नई गति देखने को मिली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह…
- Bisleri का पानी ‘असुरक्षित’! सैंपल में तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट, PAHs भी मिले; FSSAI ने केस चलाने की दी मंजूरीएक ही सैंपल की दो स्तरों पर जांच में उठे सवाल, FSSAI ने Food Safety Act के तहत अभियोजन की मंजूरी दी Bisleri ने जांच के निष्कर्षों पर जताई आपत्ति नई दिल्ली: देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लोकप्रिय ब्रांड Bisleri International के एक नियामकीय सैंपल को भारतीय खाद्य…





