पीरपैंती के ग्रामीणों ने किया पावर प्लांट निर्माण का समर्थन, हाथ उठाकर दी सहमति

Adani Power

Pirpainti (Bhagalpur): भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में प्रस्तावित 2400 मेगावाट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट के निर्माण को लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई में ग्रामीणों ने खुलकर समर्थन जताया। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर परियोजना के पक्ष में पूर्ण सहमति प्रदान की।

यह जनसुनवाई बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि पावर प्लांट की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार, आधारभूत संरचना और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

WhatsApp Image 2026 01 29 at 18.24.13 1

ग्रामीणों और वक्ताओं ने कहा कि यह परियोजना पीरपैंती को रोजगार का पावर हाउस बनाएगी। युवाओं को काम की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे पलायन पर भी रोक लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना केवल पीरपैंती ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की औद्योगिक और विकास यात्रा की सारथी साबित होगी।

जनसुनवाई की अध्यक्षता भागलपुर के अपर जिला अधिकारी (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन एवं बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्राधिकारी शंभुनाथ झा ने की। इस अवसर पर अदाणी समूह के वरीय पर्यावरण पदाधिकारी आर. एन. शुक्ला ने पावर प्लांट से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा कीं और पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल प्रबंधन एवं हरित उपायों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पर्यावरण सुरक्षा, स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार, तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों को सुनिश्चित करने की मांग रखी। परियोजना प्रबंधन की ओर से इन सभी बिंदुओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

resizone elanza

जनसुनवाई में प्रमुख रूप से प्रमुख रश्मि कुमारी, मुखिया मानिकपुर अरविन्द साह, पूर्व विधायक रामविलास पासवान, समाजसेवी मुन्ना सिंह, मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार झुम्पा, संजीवनी गंगा एनजीओ के संस्थापक मो. अयाज, जमीनदाता सुशील सिंह, हरिणकोल सरपंच बरुण गोस्वामी, मुखिया पीरपैंती गुलफसां परवीन, ग्रामीण बबली कुमारी एवं सपना कुमारी सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।

WhatsApp Image 2026 01 29 at 18.24.13 2

विधि-व्यवस्था के लिए एसडीएम कहलगांव सी. गुप्ता (भाप्रसे), अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार, अंचलाधिकारी चन्द्रशेखर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, एसएचओ नीरज कुमार सहित प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं अदाणी पावर की ओर से संजय भारद्वाज, दिनेश तिवारी, अरुण कुमार, प्रसाद लिमये, ए. सुब्रमण्यम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

जनसुनवाई में सामने आई व्यापक सहमति ने यह स्पष्ट कर दिया कि स्थानीय जनता इस परियोजना को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर के रूप में देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *