हजारीबाग में बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
हजारीबाग: जिले के बड़कागांव प्रखंड स्थित बाबू पारा गांव में शिक्षक रामविलास दास के पिता वकील राम और माता झुनिया देवी की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी सुबह आसपास के लोगों को तब हुई, जब घर के भीतर दोनों का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी और थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एफएसएल टीम का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच के बाद ही हत्या के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी क्रूर घटना पहले कभी नहीं हुई थी, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण बन गया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।



