जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला, राष्ट्रपति मुर्मु ने किया शिलापट्ट अनावरण

Jagannath Kendra

मरीन ड्राइव कदमा में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले – “ऐसी संस्थाएं मानव जीवन को भी तराशती हैं”

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव (कदमा) स्थित प्रस्तावित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर केंद्र की आधारशिला रखी।

कार्यक्रम में सांसद श्री बिद्युत बरन महतो, विधायक श्री सरयू राय, विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। आयोजन स्थल को पारंपरिक धार्मिक स्वरूप में सजाया गया था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य केंद्र
करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र का संचालन श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। बताया गया कि केंद्र की वास्तुकला ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह केंद्र धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक समन्वय का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया “जय जगन्नाथ” का उद्घोष
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने “जय जगन्नाथ” का उद्घोष करते हुए कहा कि दुनिया में कई ऐसी संस्थाएं होती हैं जो केवल अपने उद्देश्य तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि मानव जीवन को भी दिशा देने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय की दिशा में सराहनीय पहल है।

munadi live whattsapp banne.jpg

मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट की सोच और उद्देश्य की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में यहां एक भव्य और जीवंत केंद्र आकार लेगा, जो समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी आयोजकों और उपस्थित लोगों को अपनी ओर से शुभकामनाएं भी दीं।

resizone elanza

Telegram channel

उद्योग जगत और ट्रस्ट के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी श्री टी.वी. नरेंद्रन, मैनेजिंग ट्रस्टी श्री एस.के. बेहरा, ट्रस्टी श्री मनोरंजन दास और श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में आयोजित यह भूमि पूजन समारोह जमशेदपुर के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस केंद्र के निर्माण से शहर को एक नई पहचान मिलेगी और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *