चास के सौंदर्यीकरण को मिलेगी रफ्तार, पार्क, सड़क, नाली और लाइट योजनाओं को जल्द मिल सकती है मंजूरी
बोकारो: चास नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने के उद्देश्य से हाई लेवल मॉनिटरिंग कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सड़क निर्माण, नाली निर्माण एवं सफाई, पार्कों के विकास, स्ट्रीट लाइट तथा हाईमास्ट लाइट स्थापना सहित कई विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव मेयर भोलू पासवान को सौंपे और उन्हें शीघ्र स्वीकृत कराने की मांग की।
सभी वार्डों की विकास योजनाओं को प्राथमिकता
मेयर भोलू पासवान ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सभी वार्डों से प्राप्त विकास योजनाओं का समुचित अनुशंसा कर संबंधित विभागों को भेजा जाए, ताकि आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त होने के बाद कार्यों को जल्द धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि चास को एक बार फिर राज्य के अग्रणी नगर निकायों में शामिल करने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। “हमारा प्रयास है कि चास नगर निगम को फिर से नंबर वन नगर निगम बनाया जाए। इसके लिए हर वार्ड की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।” – भोलू पासवान, मेयर, चास नगर निगम
मानसून से पहले नालों की सफाई पर जोर
बैठक के दौरान पार्षदों ने मानसून को देखते हुए बड़े नालों की तत्काल सफाई कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत करने तथा शहर के विभिन्न हिस्सों में नई स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई। नगर निगम प्रशासन ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
9 जुलाई को होगी निर्णायक बैठक
मेयर भोलू पासवान ने जानकारी दी कि 9 जुलाई को होने वाली नगर निगम बोर्ड की बैठक में सभी प्रस्तावों को औपचारिक रूप से रखा जाएगा। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद इन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। विशेष रूप से सड़क, जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था और हरित क्षेत्रों के विकास से चास के शहरी स्वरूप में सकारात्मक बदलाव आने की संभावना है।



