mela

Ranchi News : ओरमांझी में तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 9वीं के छात्र की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Ormanjhi road accident

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुच्चू स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने हाइवा चालक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में मृतक के शव के साथ सड़क जाम कर मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग की गई।

मौके पर ही छात्र की मौत
मृतक की पहचान डहु निवासी एजाज अंसारी के पुत्र दिलसाद अंसारी के रूप में हुई है। वह ओरमांझी स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, दिलसाद सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार हाइवा (BR 02 Q 7536) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ा
हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया और लॉक चौक के पास उसे रोक लिया। इसके बाद लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान हाइवा ने सिलदीरी गांव के पास एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

shrawani mela

मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्र के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटनास्थल पर स्थायी रूप से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

happy Teacher Day

पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक सड़क जाम जारी रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *