200 यूनिट से कम खपत, फिर भी हजारों का बिजली बिल,गलत बिल पर ग्रामीणों का विरोध
विभाग की डिजिटल लापरवाही का आरोप
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के भदानीनगर महुआ टोला में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की तकनीकी और डिजिटल त्रुटि के कारण दर्जनों उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कई गुना अधिक बिजली बिल भेज दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन तेज करेंगे और इस संबंध में भुरकुंडा-पतरातू विद्युत सब-डिवीजन कार्यालय में ज्ञापन सौंपेंगे।
200 यूनिट से कम खपत, फिर भी हजारों का बिल
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक बिजली उपयोग पर राहत दिए जाने के बाद वे निर्धारित सीमा के भीतर ही बिजली का उपयोग कर रहे हैं। इसके बावजूद कई परिवारों को हजारों रुपये के बिजली बिल थमा दिए गए। ग्रामीणों के अनुसार किसी उपभोक्ता को 51 हजार रुपये, किसी को 41 हजार रुपये, 29 हजार, 20 हजार, 15 हजार, 12 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये तक के बिजली बिल मिले हैं। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।
विभाग की डिजिटल लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की डिजिटल तकनीकी लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि इतने अधिक बिल आम उपभोक्ताओं के लिए भुगतान करना संभव नहीं है और इससे लोगों में भय और असमंजस की स्थिति बन गई है।
एसडीओ बोले- सभी गलत बिल होंगे रद्द
पूरे मामले पर मीडिया से बातचीत में बिजली विभाग के एसडीओ रोहिताश कुमार ने कहा कि विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के इस माह गलत बिजली बिल जारी हुए हैं, उन्हें रद्द (कैंसिल) किया जा रहा है। जांच के बाद सही रीडिंग के आधार पर संशोधित बिजली बिल तैयार कर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाएगा।
जल्द होगा समाधान
एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि किसी भी उपभोक्ता को गलत बिल का भुगतान नहीं करना पड़ेगा और सभी मामलों का जल्द समाधान किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग अपने आश्वासन के अनुसार शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई करेगा ताकि लोगों को अनावश्यक आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल बिजली विभाग की ओर से बिल संशोधन की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है और प्रभावित उपभोक्ताओं को सही बिल जारी किए जाने की तैयारी की जा रही है।





