झारखंड की खनिज संपदा अभिशाप या वरदान, तय करना होगा : सुदेश महतो
बालूमाथ/लातेहार: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि राज्य की समृद्ध खनिज संपदा झारखंड के लोगों के लिए अभिशाप बनेगी या वरदान, यह राज्य की नीतियों और सरकार की प्राथमिकताओं से तय होगा। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से झारखंड का भविष्य बेहतर होना चाहिए, न कि विस्थापन, प्रदूषण और रोजगार संकट का दर्द बढ़ना चाहिए। बालूमाथ में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन जिन इलाकों से खनिज निकलता है, वहां रहने वाले लोगों के जीवन में उस संपदा का पर्याप्त लाभ दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र की जमीन खनन परियोजनाओं के लिए ली जा रही है और जहां के लोग विस्थापन का सामना कर रहे हैं, वहां के लिए खनिज संपदा अभिशाप नहीं बल्कि विकास का माध्यम बननी चाहिए।
जमीन जाने वाले परिवारों को मिले बेहतर भविष्य की गारंटी
सुदेश महतो ने कहा कि खनिज संपदा को केवल सरकार के राजस्व का स्रोत नहीं माना जा सकता। इसका सीधा संबंध उन परिवारों से है जिनकी जमीन, जंगल और प्राकृतिक संसाधन खनन परियोजनाओं से प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। विस्थापित परिवारों को केवल मुआवजा देकर उनकी जिम्मेदारी खत्म नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जमीन किसी परिवार के लिए सिर्फ संपत्ति नहीं होती, बल्कि उसकी पहचान, जीवन और जन्मभूमि से जुड़ी होती है। इसलिए विकास की कीमत स्थानीय परिवारों के भविष्य से नहीं चुकाई जानी चाहिए। सुदेश महतो ने सरकार से मांग की कि खनन और औद्योगिक परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक नीति तैयार की जाए। स्थानीय लोगों को उनके ही क्षेत्र में रोजगार और विकास के अवसर मिलें और खनिज संसाधनों से होने वाले लाभ का हिस्सा प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर खर्च हो।

10 हजार युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करेगा आजसू
कार्यक्रम के दौरान सुदेश महतो ने आजसू पार्टी के युवा अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में पूरे झारखंड में 10 हजार युवाओं को वैचारिक और सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार करने का अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य केवल संगठन में युवाओं की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि ऐसी नई पीढ़ी तैयार करना है जो झारखंड की वास्तविक समस्याओं, जल-जंगल-जमीन, रोजगार, विस्थापन और स्थानीय अधिकारों को समझे। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड, जिला, विधानसभा और लोकसभा स्तर तक नई नेतृत्व क्षमता विकसित करने की जरूरत है। सुदेश महतो ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना या सत्ता हासिल करना नहीं होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना होगा।
रोजगार और युवाओं के भविष्य पर भी बोले
सुदेश महतो ने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड के युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल रोजगार का है। प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नियुक्तियों को लेकर लगातार उठने वाले सवाल युवाओं के बीच व्यवस्था के प्रति भरोसे को कमजोर करते हैं। उन्होंने कहा कि JPSC समेत सभी नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने ऐसी रोजगार नीति की जरूरत बताई, जिससे युवाओं को अपने घर और क्षेत्र में नौकरी, व्यवसाय, कौशल विकास और रोजगार के अवसर मिल सकें।

ग्रामसभा को मिले वास्तविक अधिकार
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि गांव को मजबूत किए बिना झारखंड मजबूत नहीं हो सकता। ग्रामसभा को सिर्फ औपचारिक बैठक तक सीमित रखने के बजाय गांव के विकास और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े निर्णयों में वास्तविक भागीदारी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा अपने क्षेत्र के भविष्य से जुड़े फैसलों में भागीदार बनें। यही लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस के व्यवहार को भी जनता के अनुकूल बनाने की जरूरत बताई। उनके अनुसार, पुलिस और प्रशासन को आम लोगों के बीच विश्वास पैदा करना चाहिए।
झारखंड आंदोलन की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन की विरासत और राज्य गठन के उद्देश्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अलग राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड गठन का उद्देश्य केवल अलग प्रशासनिक इकाई बनाना नहीं था, बल्कि यहां के लोगों के अधिकार, सम्मान, रोजगार, प्राकृतिक संसाधनों और बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करना भी था। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं के बीच इसी सामाजिक और वैचारिक चेतना को लेकर संवाद का अभियान चलाएगी।

मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को डिजिटल वॉच और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सुदेश महतो ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव उमेश सिंह भोगता, संजय मेहता, केंद्रीय सचिव सह लातेहार जिला प्रभारी इम्तियाज अहमद नाजमी, जितेंद्र सिंह, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, लातेहार जिला अध्यक्ष अमित पांडे, महिला जिलाध्यक्ष रीमा देवी, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार, युवा प्रदेश संयोजक प्रताप सिंह, आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, युवा और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




