‘मन की बात’ राष्ट्र निर्माण का जनआंदोलन, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संकल्प: डॉ. प्रदीप वर्मा
रांची : झारखंड भाजपा के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने रविवार को खिजरी विधानसभा क्षेत्र के सिलवे मानकीढीपा स्थित बूथ संख्या-169 पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।
‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला अभियान
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार और जनभागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद देशवासियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित पौध वितरण कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा,”यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान देशभर में हरित क्रांति की मजबूत नींव बन सकता है।” उन्होंने सभी नागरिकों से इस जनअभियान से जुड़ने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हरित भारत के निर्माण का लिया संकल्प
पौध वितरण कार्यक्रम में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
कई भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रलेखन विभाग के प्रदेश संयोजक अमित चरण, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा, महामंत्री मनसा महतो, रोहन पाहन, उपाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, केडी सिंह, सिलवे पंचायत समिति सदस्या श्रुति मुंडा, वरिष्ठ नेता गाजू महतो, रामकृष्ण महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।




