हजारीबाग में तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 2 के पैर में लगी गोली; एक जंगल में फरार
हजारीबाग: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह पुलिस और कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में बताई गई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
बड़ी घटना की तैयारी की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ गुर्गे गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं। पुलिस को आशंका थी कि अपराधी इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने के बाद गिद्दी थाना पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना में उपलब्ध पुलिस पदाधिकारियों के साथ उरीमारी थाना प्रभारी और सशस्त्र बल को रवाना किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे अपराधी
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3:50 बजे एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति भुरकुंडा की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। भागने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद तीनों अपराधी जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस का दावा है कि जंगल से अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में दो अपराधियों को गोली लगी। दोनों को मौके पर ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला।
हथियार और मोबाइल समेत कई सामान बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, मौके से दो हथियार, गोलियां, खोखे, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार अपराधी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में भी छापेमारी और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पकड़े गए अपराधियों का आपराधिक इतिहास क्या है और वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में की गई। छापामारी दल में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार अपराधी के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।




