भारत-पाकिस्तान मैच से पहले हैंडशेक पर सस्पेंस खत्म, टीम इंडिया मैनेजमेंट का बड़ा फैसला
मुनादी Live डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले हैंडशेक को लेकर चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम इंडिया के मैनेजमेंट ने स्पष्ट कर दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप मैच के दौरान औपचारिक हैंडशेक नहीं किया जाएगा। दोनों टीमें रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो के प्रतिष्ठित आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाएंगे।
एशिया कप से शुरू हुई थी परंपरा
भारत ने इससे पहले एशिया कप के दौरान भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने का रुख अपनाया था। वही परंपरा अब टी20 वर्ल्ड कप में भी जारी रहेगी। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि यह फैसला पूर्व निर्धारित नीति के तहत लिया गया है।
मैदान पर सिर्फ क्रिकेट की जंग
हालांकि आधिकारिक तौर पर इस फैसले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ओर से विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह निर्णय पूरी टीम की सहमति से लिया गया है। भारत-पाक मुकाबला हमेशा से भावनाओं और रोमांच से भरपूर रहता है। इस बार भी करोड़ों फैंस की निगाहें इस मैच पर टिकी हैं। मैदान पर भले ही औपचारिक हैंडशेक न हो, लेकिन क्रिकेट की जंग उतनी ही तीखी और यादगार रहने की उम्मीद है।
कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है और दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी।



