हिमांशु सिंह हत्याकांड: SIT की बड़ी कार्रवाई, 2 और आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

DD Bar Case

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपियों को फरार कराने, हत्या में इस्तेमाल हथियार छिपाने और साक्ष्य मिटाने में सहयोग करने के आरोप में धातकीडीह निवासी लखविंद्र लोहार और जगदीश मंडल उर्फ रोहन को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। इससे पहले भी दो नाबालिगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

आरोपियों को भगाने और सबूत मिटाने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने मुख्य आरोपियों को छिपने में मदद की और हत्या में इस्तेमाल हथियारों को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लखविंद्र लोहार और जगदीश मंडल को गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

डीडी बार के संचालक नीरज सिंह भी गिरफ्तार
इससे पहले पुलिस ने रविवार को राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी थाना क्षेत्र से डीडी बार के संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह और ओडिशा से बार मैनेजर विजय महानंद को गिरफ्तार किया था। विजय महानंद को जमशेदपुर लाया जा चुका है, जबकि नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस जमशेदपुर लेकर आ रही है।

Adiwasi Mahotsav

27 जून की रात हुई थी वारदात
जिले के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 27 जून की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के अंदर हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह का विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। बार से बाहर निकलने के बाद दोनों पर चाकू और चापड़ से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की 29 जून को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026 दर्ज किया गया है।

happy Teacher Day

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ी जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित SIT ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। अब तक इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *