...

हिमांशु हत्याकांड के बाद बड़ा एक्शन! जमशेदपुर में 43 पुलिस अधिकारियों का तबादला

Jamshedpur Police Transfer

जमशेदपुर: करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की पुलिस की मौजूदगी में हुई हत्या और शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों के बीच जमशेदपुर पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। शहर में अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने ट्रैफिक शाखा में तैनात 43 पुलिस अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला कर दिया है। इसके अलावा ट्रैफिक थानों से कई सिपाहियों को भी विभिन्न थानों में भेजा गया है।

ट्रैफिक पुलिस से थानों में भेजे गए अधिकारी
एसएसपी के आदेश के तहत ट्रैफिक थाना साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, गोलमुरी और मानगो में लंबे समय से तैनात पुलिस अधिकारियों को जिले के विभिन्न थानों, क्राइम कंट्रोल रूम (CCR) और पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया गया है। कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन भी भेजा गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इस फैसले के बाद ट्रैफिक विभाग में हलचल तेज हो गई है।

अपराध नियंत्रण के लिए उठाया गया कदम
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद से जमशेदपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। शहर में हेलमेट जांच अभियान भी फिलहाल बंद है और पुलिस बल का बड़ा हिस्सा अपराध नियंत्रण एवं गश्ती व्यवस्था में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कई थानों में पुलिस बल की कमी के कारण नियमित पेट्रोलिंग और अपराध नियंत्रण प्रभावित हो रहा था। इसी वजह से ट्रैफिक शाखा से अधिकारियों और जवानों को थानों में भेजने का निर्णय लिया गया है, ताकि पुलिस की फील्ड क्षमता बढ़ाई जा सके।

अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि अतिरिक्त पुलिस बल मिलने से थानों में गश्त, त्वरित कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ अभियान को और मजबूत किया जाएगा। हालांकि शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस के सामने चुनौती अभी भी बनी हुई है। हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद से पुलिस लगातार छापेमारी, अपराधियों की गिरफ्तारी और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने में जुटी हुई है।

munadi live whattsapp banne.jpg

कई थानों और CCR में मिली नई जिम्मेदारी
तबादले के तहत कई अधिकारियों को टेल्को, साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, आजादनगर, गोविंदपुर, घाटशिला, पटमदा, सुंदरनगर, मुसाबनी, डुमरिया, कमलपुर, गुड़ाबांदा, कोवाली और पोटका जैसे थानों में भेजा गया है। वहीं बड़ी संख्या में अधिकारियों की तैनाती क्राइम कंट्रोल रूम (CCR), साकची में भी की गई है।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस की रणनीति पर रहेगी नजर
जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और हाल के चर्चित हत्याकांडों के बाद पुलिस का यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद शहर में अपराध पर कितना प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *