राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार BJP प्रदेश कार्यालय पहुंचे प्रदीप वर्मा, संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत नेताओं ने किया स्वागत
रांची: भाजपा का राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बुधवार को पहली बार पार्टी के झारखंड प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सबसे पहले भाजपा के संस्थापक नेताओं में शामिल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की।
आदित्य साहू ने दी नई जिम्मेदारी की बधाई
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने डॉ. प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदीप वर्मा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ संगठन को मिलेगा और पार्टी को और मजबूती मिलेगी। आदित्य साहू ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदीप वर्मा के संगठन के प्रति समर्पण, मेहनत और सक्रियता का सम्मान है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी जताया।
संगठन विस्तार पर रहेगा प्रदीप वर्मा का फोकस
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार प्रदेश कार्यालय पहुंचे प्रदीप वर्मा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में उनका मुख्य फोकस संगठन के विस्तार और उसे और मजबूत बनाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि वह नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
डॉ. प्रदीप वर्मा ने राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करने की बात कही।
प्रदेश कार्यालय में जुटे पार्टी के नेता
प्रदीप वर्मा के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के कई प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, मुनेश्वर साहू, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, अशोक बड़ाईक, केके गुप्ता, शोभा यादव, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, राहुल अवस्थी, रजनीश पांडे, रमेश सिंह, राकेश भास्कर, ललित ओझा, शशि भूषण भगत, पंकज सिन्हा, गोपाल सोनी और इंद्रजीत यादव समेत कई नेता शामिल थे। प्रदीप वर्मा के राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद झारखंड भाजपा में उनकी नई भूमिका को संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। प्रदेश कार्यालय में उनका पहला दौरा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का संदेश देने वाला रहा। अब संगठन विस्तार और पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने में उनकी भूमिका पर नजर रहेगी।





