...

रांची एयरपोर्ट पर 24×7 मेडिकल सुविधा शुरू, यात्रियों को मिलेगा तत्काल इलाज; संजय सेठ बोले- जमीन मिलते ही होगा एयरपोर्ट विस्तार

Ranchi Airport medical facility

रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल की ओर से एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में अत्याधुनिक मेडिकल रूम की शुरुआत की गई है। इस सुविधा का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। एयरपोर्ट पर अब यात्रियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

एयरपोर्ट पर मिलेगी तत्काल चिकित्सा सुविधा
नए मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। इस पहल से एयरपोर्ट पर प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के साथ-साथ एयरपोर्ट कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को भी लाभ मिलेगा।

वेंटिलेटर से लैस एंबुलेंस भी तैनात
मेडिकल रूम के साथ ही टर्मिनल भवन के बाहर वेंटिलेटर और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों से लैस अत्याधुनिक एंबुलेंस भी तैनात की गई है। यह एंबुलेंस प्रतिदिन सुबह 7 बजे से अंतिम उड़ान के प्रस्थान तक उपलब्ध रहेगी। किसी भी गंभीर स्थिति में मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता : संजय सेठ
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची एयरपोर्ट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर मेडिकल रूम और आधुनिक एंबुलेंस की शुरुआत यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को नई मजबूती प्रदान करेगी।

munadi live whattsapp banne.jpg

मणिपाल हॉस्पिटल ने क्या कहा
भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल के डायरेक्टर आबिद तौकीर ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर शुरू की गई यह सुविधा जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी। यदि किसी मरीज की स्थिति गंभीर होगी तो उसे बिना देरी बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जाएगा।

resizone elanza

Telegram channel

जमीन मिलते ही एयरपोर्ट विस्तार को मिलेगी रफ्तार
इस दौरान संजय सेठ ने रांची एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार में सबसे बड़ी बाधा पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होना है। उनके अनुसार, यदि राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करा दे, तो एयरपोर्ट विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि जमीन मिलने के बाद रनवे विस्तार, कैट-2 लाइटिंग, पार्किंग क्षमता बढ़ाने और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो जाएगा।

दिसंबर तक पूरा होगा चेकिंग एरिया का विस्तार
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में टर्मिनल भवन के चेकिंग एरिया का विस्तार किया जा रहा है। यह कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और भीड़भाड़ भी कम होगी।

विमानों की संख्या में कमी पर भी दी सफाई
रांची से उड़ानों की संख्या में आई कमी पर संजय सेठ ने कहा कि यह स्थिति मिडिल ईस्ट संकट के कारण अस्थायी रूप से बनी है। उन्होंने बताया कि विमानन कंपनियां नए विमान खरीद रही हैं और आने वाले समय में रांची से उड़ानों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अधिक घरेलू और अन्य उड़ानों का संचालन शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *