Durga Puja
tulsyan

रांची में जमीन कारोबार की आड़ में चल रहा था नशीले कफ सिरप का धंधा, बरियातू पुलिस ने किया भंडाफोड़

Ranchi cough syrup smuggling

रांची: राजधानी रांची में जमीन कारोबार की आड़ में कथित तौर पर नशीले कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक गिरोह का बरियातू थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित सरगना बॉक्सी खान उर्फ जावेद और उसके सहयोगी सौरभ कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 122 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

थार गाड़ी से की जा रही थी सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बॉक्सी खान बरियातू बस्ती का निवासी है, जबकि सौरभ कुमार गुप्ता लालपुर थाना क्षेत्र के रेडियम रोड का रहने वाला है। गुप्त सूचना के आधार पर बरियातू थाना पुलिस ने डॉक्टर्स कॉलोनी इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बॉक्सी खान के कब्जे से थार (JH01GE-2211) वाहन बरामद किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 122 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन दवाओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

कोलकाता से लाकर रांची में सप्लाई का आरोप
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह कोलकाता से प्रतिबंधित कफ सिरप लाकर रांची के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

shrawani mela

जमीन कारोबार में मंदी के बाद बदला रास्ता
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बॉक्सी खान पहले जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था। जांच एजेंसियों के अनुसार, जमीन के कारोबार में आमदनी कम होने के बाद उसने अपने कुछ परिचितों के साथ मिलकर कथित तौर पर नशीले कफ सिरप की सप्लाई चेन तैयार की। बताया जा रहा है कि वह अपने पुराने परिचितों और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों के माध्यम से ही माल की आपूर्ति करता था, जबकि बाहरी लोगों के सामने खुद को जमीन कारोबारी बताकर अपनी वास्तविक गतिविधियों को छिपाए रखता था।

happy Teacher Day

पुलिस की नजर से बचने के लिए अपनाया तरीका
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी पुलिस की नजर से बचने के लिए महंगी थार एसयूवी का इस्तेमाल करता था, ताकि उस पर संदेह कम हो। फिलहाल पुलिस जब्त वाहन, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद और आपूर्ति का पूरा नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है।

resizone-elanza
rlifecare

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बरियातू थाना पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस नेटवर्क का संबंध अन्य राज्यों में सक्रिय नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों से है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *