रांची में नकली शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़, इरबा से 25 हजार लीटर अवैध स्प्रिट जब्त

Excise Department

रांची: झारखंड में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने राजधानी रांची के इरबा इलाके में छापेमारी कर नकली शराब बनाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक बड़े गोदाम से 25 हजार लीटर से ज्यादा अवैध स्प्रिट जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल नकली शराब तैयार करने में किया जाना था।

बड़े पैमाने पर किया गया था स्प्रिट का भंडारण
उत्पाद विभाग के अनुसार गोदाम को किराए पर लेकर उसकी आड़ में बड़े पैमाने पर स्प्रिट जमा की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां से नकली शराब बनाने और उसे विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी चल रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और भारी मात्रा में अवैध स्प्रिट बरामद की।

लगातार चल रहा अवैध शराब के खिलाफ अभियान
बताया जा रहा है कि इससे पहले शुक्रवार को उत्पाद विभाग ने नामकुम और मांडर इलाके में भी छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया था। उस कार्रवाई में हजारों लीटर नकली शराब नष्ट की गई थी। विभाग का कहना है कि राज्यभर में अवैध शराब के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

संचालक फरार, एफआईआर दर्ज
उत्पाद विभाग की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि छापेमारी के दौरान गोदाम संचालक मौके से फरार हो गया। हालांकि विभाग ने उसकी पहचान कर ली है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

चुनाव से पहले सख्त कार्रवाई
निकाय चुनाव को देखते हुए प्रशासन अवैध शराब के कारोबार पर विशेष नजर रख रहा है। पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई से राजधानी में सक्रिय शराब माफिया के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *