mela

Ranchi News: रांची के शिव मंदिर में शिवलिंग खंडित, गांव में बढ़ा तनाव; दोषियों की तलाश में जुटी पुलिस

Shivling

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर में शिवलिंग खंडित मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

संग्रामपुर गांव के शिव मंदिर में मिला खंडित शिवलिंग
जानकारी के अनुसार, यह घटना कांके थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव स्थित एक शिव मंदिर की है। बताया जा रहा है कि घटना शुक्रवार देर रात की हो सकती है, जबकि इसकी जानकारी रविवार सुबह ग्रामीणों को मिली। मंदिर पहुंचने पर लोगों ने देखा कि वहां स्थित प्राकृतिक शिवलिंग खंडित अवस्था में है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।

ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि शिवलिंग को नुकसान पहुंचाने की घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।

Adiwasi Mahotsav

पुलिस जुटी जांच में
कांके थाना प्रभारी कुणाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्राकृतिक शिवलिंग स्थापित था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *