पलामू में वित्त मंत्री का बड़ा ऐलान: झारखंड की लड़कियों को मिलेंगे 10-10 हजार रुपये
पलामू: गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर पलामू में झारखंड सरकार की ओर से बड़ा ऐलान किया गया। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि बिहार सहित अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड की लड़कियों को भी 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार से मदद मांगी गई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक में झारखंड की बेटियों के लिए इस सहायता योजना का प्रस्ताव रखा गया है।
दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि दिशोम गुरु (शिबू सोरेन) को पद्म विभूषण दिए जाने का राज्य सरकार स्वागत करती है। उन्होंने मांग की कि उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया जाना चाहिए। इस संबंध में झारखंड विधानसभा द्वारा केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
धान खरीद और सिंचाई पर जताई चिंता
उन्होंने पलामू क्षेत्र में धान खरीद की धीमी गति पर चिंता जताई और जिला प्रशासन को पड़ोसी राज्यों व मिलों से समन्वय कर खरीद बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि राज्य में 24 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि होने के बावजूद केवल 12 लाख हेक्टेयर में ही सिंचाई सुविधा उपलब्ध है — इसे बढ़ाने की जरूरत है।
केंद्र सरकार पर लगाया आरोप
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पलामू क्षेत्र के लिए विशेष केंद्रीय सहायता बंद कर दी है। उन्होंने इसे दोबारा शुरू करने की मांग की और कहा कि पलामू प्रमंडल के लोगों की औसत आय 60-65 हजार रुपये है, जिसे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास जरूरी हैं।
पुलिस स्टेडियम में हुआ गणतंत्र दिवस समारोह
पलामू के पुलिस स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में वित्त मंत्री ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, डीआईजी किशोर कौशल, डीसी समीरा एस, एसपी रीष्मा रमेशन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।





